
राम किसी की निजी संपत्ति नहीं, धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे
छतरपुर । छतरपुर में शुक्रवार दोपहर राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी का विरोध करते हुए कहा कि भगवान श्री राम न तो भाजपा की और न ही आरएसएस की निजी संपत्ति हैं, वे सभी के हैं।पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर राजनीतिक लाभ उठा रही है। उन्होंने कालीचरण महाराज द्वारा महात्मा गांधी पर की गई अभद्र टिप्पणी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि भाजपा सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न करना दर्शाता है कि भाजपा-आरएसएस की विचारधारा स्वतंत्रता संग्राम के विरुद्ध है।
व्यापम घोटाले के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भले ही मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर मौन नहीं रहेगी। प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले में पैसों का बोलबाला है। साथ ही उन्होंने मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य रूप से मौजूद रहे कांग्रेस जिला अध्यक्ष महाप्रसाद पटेल, पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी, पूर्व विधायक नीरज दीक्षित, कार्यकारी अध्यक्ष अनीश खान, पूर्व जिला अध्यक्ष लखन पटेल, मनोज त्रिवेदी, आवेद सिद्दीकी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता संतोष तिवारी, केशु राजा, अभिलेख खरे, हर प्रसाद अनुरागी, दीप्ति पांडेय, लक्ष्मी चौबे,अवधेश सोनकिया, सूर्य प्रताप सिंह नरेश पटेल, कपिल रिछारिया आदि लोग मौजूद रहे।
