Spread the love

पटना। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस के संविधान सुरक्षा सम्मेलन में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार, आरएसएस और बिहार में हुई जाति जनगणना पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, बिहार पेपर लीक का सेंटर बन चुका है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। देश में मंहगाई बढ़ रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संघ प्रमुख भागवत कहते हैं कि भारत को 15 अगस्त 1947 को आजादी नहीं मिली थी। अगर वह कह रहे हैं कि भारत को 15 अगस्त 1947 को आजादी नहीं मिली, तब वे भारत के संविधान को नकार रहे हैं। वह भारत के हर संस्थान से डॉ बीआर अंबेडकर, भगवान बुद्ध, महात्मा गांधी की विचारधारा को मिटा रहे हैं।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, देश की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए जाति जनगणना होनी चाहिए। यह बिहार में की गई फर्जी जाति जनगणना की तरह नहीं होगी। जाति जनगणना के आधार पर नीति बनानी चाहिए। कांग्रेस जाति जनगणना को लोकसभा और राज्यसभा में पारित करेगी। हम 50 प्रतिशत आरक्षण की बाधा को भी खत्म करने की तैयारी में है।
वहीं राहुल गांधी ने कहा, संविधान में कहां लिखा है कि भारत की सारी संपत्ति सिर्फ दो से तीन लोगों के हाथ में चली जानी चाहिए। आज के भारत में विधायकों और सांसदों के पास कोई ताकत नहीं है। जब मैं पिछड़े समुदाय, दलितों, आदिवासियों से ताल्लुक रखने वाले भाजपा सांसदों से मिलता हूं, तब वे कहते हैं कि हमें पिंजरे में डाल दिया गया है। सारी ताकत देश में दो-तीन लोगों के हाथ में आ चुकी है। राहुल गांधी ने कहा, जब मोदी को पता चला कि पिछड़े समुदाय, दलितों के लोग प्रतिनिधित्व ले रहे हैं, तब उन्होंने आपको प्रतिनिधित्व दिया, लेकिन सत्ता छीन ली। सत्ता अंबानी, अडानी और आरएसएस को दे दी गई है। उन्होंने हर संगठन में अपने लोगों को रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *