
ऐतिहासिक स्वास्थ्य शिविरों से अब भी लाभान्वित हो रहे हैं मरीज
छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू के प्रयास से आठ महीने की वाणी की मुंबई में नि:शुल्क ओपन हार्ट सर्जरी हुई है। मुंबई के नारायण सेवा संस्थान में अपनी आठ महीने की बेटी वाणी की सफलतापूर्वक ओपन हार्ट सर्जरी कराने के बाद छिंदवाड़ा लौटे वाणी के माता पिता आज उसे लेकर आरोग्य हॉस्पिटल पहुंचे जहां वाणी के टांके काटे गए।
वाणी के पिता चितरंजन सूर्यवंशी और माता श्रीमती छाया सूर्यवंशी ने इन शिविरों के आयोजन और बच्ची के स्वास्थ्य परीक्षण से लेकर इतने बड़े ऑपरेशन तक सभी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाने के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू व रोटरी क्लब छिंदवाड़ा और दीपक खण्डेलवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री सूर्यवंशी ने बताया कि मुंबई के नारायण सेवा संस्थान के हॉस्पिटल में न केवल उनकी बेटी की बेहतरीन देखभाल की गई बल्कि उन्हें दिन में तीन बार निःशुल्क भोजन तक उपलब्ध कराया गया। 30 नवंबर को प्रचार माध्यमों से बच्चों के लिए विशेष हृदय रोग चिकित्सा शिविर के आयोजन की जानकारी मिलने पर जब वह वाणी को लेकर पहुंचे तो उन्होंने शुरू से लेकर अब जो व्यवस्था और सुविधाएं मिली उसकी कल्पना भी नहीं की थी।
रोटरी क्लब छिंदवाड़ा के अध्यक्ष दीपक खण्डेलवाल ने वाणी के ऑपरेशन के बाद आरोग्य हॉस्पिटल में उसकी आगे की देखभाल रोटरी क्लब छिंदवाड़ा के माध्यम से निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया।
उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू की पहल और रोटरी क्लब छिंदवाड़ा के विशेष सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती 25 दिसंबर तक निरंतर आयोजित किए गए “सौ दिन- सेवा संकल्प और स्वास्थ्य के” अभियान के तहत आयोजित किए गए स्वास्थ्य शिविरों से मरीजों के लाभान्वित होने का सिलसिला अब भी जारी है।
