
जबलपुर। कमिश्नर अभय वर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण विषयों को लेकर संभाग स्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। जिसमें संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स, सीईओ जिला पंचायत सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने राजस्व महाअभियान की प्रगति की समीक्षा कर कहा कि आधार से आरओआर की लिंकिंग में तेजी लायें, अभिलेख दुरूस्ती तथा नक्शा बटांकन में प्रगति लाये। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाईन में जिले की रैंकिंग की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कलेक्टर्स सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करायें और अपने जिले की रैंकिंग सुधारें। बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति के साथ धान उपार्जन की समीक्षा भी की गई। उन्होंने कटनी और सिवनी के कलेक्टर से कहा कि राइस मिलर्स की बैठक करें और उपार्जित धान के परिवहन में गति लायें। पीएम जनमन की तरह धरती आबा में सेच्युरेशन करने के निर्देश दिये, जिसमें विशेष रूप से कहा गया कि 70 से अधिक उम्र के सभी लोगों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बन जायें। मनरेगा की समीक्षा के दौरान कहा कि लक्ष्य अनुसार कार्य हो, इस दिशा में लापरवाही न हो। बैठक में पीएम आवास, एसटी-एससी छात्रवृत्ति भुगतान, लोकायुक्त आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में लंबित प्रकरण, राज्य सेवा के अधिकारियों की शासन स्तर पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। बैठक में विशेष रूप से कहा गया कि लाडली बहना योजना अंतर्गत जिन महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है, उन महिलाओं के नाम सूची से हटायें। इसके साथ ही अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर कहा कि शासन की प्राथमिकता के विषयों पर तत्परता से कार्य करें।
