Spread the love

फिल्म में राष्ट्रकवि दिनकर की प्रसिद्ध पंक्ति सिंहासन खाली करो… का बिना अनुमति हुआ इस्तेमाल


पटना। अभिनेता कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी पर कॉपीराइट उल्लंघन का आरोप लगा है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की बहू कल्पना सिंह ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने फिल्म में दिनकर की प्रसिद्ध पंक्ति सिंहासन खाली करो कि जनता आती है के बिना अनुमति इस्तेमाल का आरोप लगाया है। हाईकोर्ट ने कंगना समेत फिल्म निर्माताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। फिल्म के प्रदर्शन पर फिलहाल रोक नहीं लगाई गई है।
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की बहू कल्पना सिंह ने शिकायत में कहा है कि फिल्म इमरजेंसी में उनके ससुर की मशहूर कविता की पंक्ति का बिना इजाजत इस्तेमाल किया गया है। यह पंक्ति सिंहासन खाली करो कि जनता आती है है। कल्पना का आरोप है कि फिल्म के प्रचार और गाने में इस पंक्ति का इस्तेमाल किया गया है। इससे उनके कॉपीराइट का उल्लंघन हुआ है। गुरुवार को पटना हाईकोर्ट के जस्टिस ए अभिषेक रेड्डी ने इस मामले की सुनवाई की।
कंगना रनौत फिल्म इमरजेंसी की निर्माता और निर्देशक दोनों ही हैं। इस फिल्म में उन्होंने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का किरदार भी निभाया है। फिल्म के गीतकार मनोज मुंतशिर हैं। कल्पना सिंह ने कंगना, मनोज मुंतशिर और फिल्म के अन्य निर्माताओं के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का मामला में कोर्ट से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कल्पना सिंह के वकील ने बताया कि उन्होंने पिछले साल 31 अगस्त को भी फिल्म निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा था, लेकिन निर्माताओं ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इस बीच फिल्म रिलीज हो गई। इमरजेंसी 17 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। अब कोर्ट ने कंगना रनौत समेत फिल्म से जुड़े सभी लोगों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। अगली सुनवाई में कोर्ट इस मामले पर आगे की कार्रवाई करेगा। फिलहाल फिल्म के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगाई गई है। इस मामले में कंगना रनौत या फिल्म के निर्माताओं की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *