40 ग्राम स्मैक के साथ 8 आरोपी गिरफ्तार…. कोर्ट ने भेजा जेल

दमोह। कोतवाली पुलिस ने नशे का संगठित कारोबार करने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार शाम आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले उनका जुलूस निकाला, जिसमें आरोपियों को अपना जुर्म कबूल करते हुए “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारे बाप है” के नारे लगवाए गए। प्रभारी आनंद राज के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना पर सीताबावली पुलिया के पास से एक मारुति स्विफ्ट कार में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया। एएसआई राकेश पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपियों को स्मैक का क्रय-विक्रय और सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव (गड़रयाऊ), जितेंद्र अवस्थी (असाटी वार्ड), शिवा चौरसिया (फुटेरा वार्ड), अंशुल राजपूत (फुटेरा वार्ड), यशवंत ठाकुर (फुटेरा वार्ड), योगेश घारू (गड़रयाऊ), अरविंद कटारिया (पुराना बाज़ार) और आकिल खान (पुराना बाज़ार) शामिल हैं। आरोपियों से कुल 40 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि ये आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में युवाओं को नशे की लत में फंसा रहे थे और पुलिस को इनकी तलाश थी।
