Spread the love

वाहन की टक्कर में ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराई बाइक
सागर। सागर-बीना मार्ग पर बेलई घाट रेलवे ओवरब्रिज पर किशनपुरा ग्राम पंचायत की उपसरपंच के पति की बाइक को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गया। घटना में गंभीर चोटें आने से बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।जानकारी के अनुसार, ग्राम बेरखेरी चंपत निवासी दिनेश पिता रामेश्वर प्रसाद गौतम उम्र 54 साल की पत्नी अनीता गौतम किशनपुरा ग्राम पंचायत की उप सरपंच हैं। दिनेश गांव पर ही रहकर खेती करते हैं। वहीं पत्नी व बेटा सागर में रहते हैं। वह परिवार के साथ प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने जाने वाले थे। इसी के चलते वह देर शाम गांव से बाइक पर सवार होकर सागर के लिए निकले। लेकिन गांव से कुछ ही दूरी पर बेलई घाट रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ते समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर लगने से बाइक ओवरब्रिज की रेलिंग से टकरा गई। घटना में बाइक सवार दिनेश को सीने और सिर में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद घायल दिनेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाया है। वहीं मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *