
आशंका जाहिर की कि मुझे दो दिन बाद जेल में डाला जा सकता
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। चुनाव आयोग से मिले दूसरे नोटिस पर नाराज हुए केजरीवाल ने चुनाव आयुक्त कुमार पर पक्षपात का आरोप जड़ दिया। उन्होंने कहा कि राजीव रिटायरमेंट के बाद नौकरी चाहते हैं। वह चाहें खुद एक सीट से चुनाव लड़ लें। केजरीवाल ने आशंका जाहिर कि उन्हें दो दिन बाद जेल में डाला जा सकता है।
आप सुप्रीमो ने अमोनिया और क्लोरिन मिश्रित पानी की बोतलें मीडिया को दिखाकर कहा कि वे इन्हें गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भेज रहे हैं, वे इस पानी को पीकर दिखाएं। केजरीवाल ने कहा कि उनकी ओर से यह मुद्दा उठाए जाने के बाद अब अमोनिया का स्तर यमुना में कम किया गया है।
चुनाव आयोग से मिले नोटिस को लेकर केजरीवाल मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार पर ही बिफर पड़े। केजरीवाल ने चुनाव आयोग के खिलाफ बहुत तीखे तेवर दिखाकर कहा कि दिल्ली में पैसे बंट रहे हैं, रोज चादरें बंट रही हैं यह चुनाव आयोग को दिखाई नहीं देता है। आप प्रमुख ने कहा, मैं कुमार जी को कहना चाहता हं कि इतिहास उन्हें माफ नहीं करेगा। जितना कबाड़ा राजीव कुमार ने चुनाव आयोग का किया है, मुझे लगता नहीं कभी भारत के इतिहास में ऐसा हुआ।
केजरीवाल ने खुद को जेल में डालने की आशंका जाहिर करते हुए कुमार को किसी सीट से चुनाव लड़ लेने को कह दिया। जिस तरह की भाषा चुनाव आयोग ने लिखी है, यह उनका काम नहीं है। अगर राजनीति करनी है राजीव कुमार लड़ लें दिल्ली की एक सीट से। खुलेआम दिल्ली में गुंडागर्दी मची है, खुले आम पैसे-चादरें बांटी जा रही हैं। इस किस्म का चुनाव इस देश की जनता ने कभी देखा नहीं था। मैं तीन बोतलें चुनाव आयोग को भी भेज दूंगा, वो पीकर दिखा दें हम मान जाएंगे कि हमने गलती की है।
