Spread the love


ओवर ब्रिज निर्माण : भटेरा रेलवे क्रॉसिंग पर होगा आरओबी का निर्माण
बालाघाट। बालाघाट-नैनपुर हाइवे में भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में ओवर ब्रिज निर्माण के लिए सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। सर्वे टीम ने 202 मकानों, दुकानों को चिन्हित कर लिया है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के करीब एक सप्ताह बाद से भू-अर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इधर, डायर्टेड मार्ग काफी संकरा है। महज 3.75 मीटर चौड़ा मार्ग होने के चलते आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बावजूद इसके प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है।
जानकारी के अनुसार भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के लिए दो चरणों में सर्वे का कार्य किया गया है। सर्वे टीम ने 202 मकानों, दुकानों को चिन्हित किया है। जिसमें 1 से लेकर 15 से 20 फीट तक निर्माण कार्यों पर मार्किंग की है। उल्लेखनीय है कि भू-अर्जन के लिए प्रथम चरण में सर्वे फारेस्ट नाका से रेलवे क्रॉसिंग तक किया गया था। इसके बाद दूसरे चरण में रेलवे क्रॉसिंग से बस स्टैंड तक निर्माण कार्यों को चिन्हित किया गया है। सर्वे का कार्य राजस्व विभाग की साद सदस्यीय टीम ने किया है।
अभी नहीं सौंपी गई है सर्वे रिपोर्ट
आरओबी निर्माण कार्य के लिए भले ही सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। लेकिन अभी टीम ने सर्वे रिपोर्ट एसडीएम को नहीं सौंपी है। सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित भू-मालिकों को नोटिस जारी किया जाएगा। भूमि स्वामी को कुछ वक्त भी दिया जाएगा। इसके बाद भू-अर्जन की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भू-अर्जन के लिए शासन ने भी मुआवजे का प्रावधान किया है। इसके लिए राशि भी नियत कर दी है। शासकीय दर से संबंधित भूमि स्वामियों को मुआवजा दिया जाएगा।
महज 3.75 मीटर चौड़े डायवर्टेड मार्ग से कैसे गुजरेंगे वाहन
रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान आवागमन के लिए मार्ग डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने फारेस्ट नाका के आगे सेंटमेरी स्कूल से बोदा पहुंच मार्ग से आवागमन में को डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। लेकिन विडंबना यह है कि ये मार्ग महज 3.75 मीटर ही चौड़ा है। ऐसे में इस मार्ग से केवल एक ही वाहन गुजर सकता है। दो वाहनों को एक साथ क्रॉस होने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में इस डायवर्टेड मार्ग से आवागमन के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व सरेखा रेलवे क्रॉसिंग में ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान गोंगलई-नवेगांव बायपास का निर्माण किया गया था। लेकिन यह बायपास हैवी ट्रेफिक के अनुसार नहीं था। जिसके चलते इस मार्ग से वाहनों में आवागमन करने में काफी दिक्कतें हो रही है। बावजूद इसके प्रशासन ने इससे भी सबक नहीं लिया।
डायवर्टेड मार्ग को चौड़ा करने का बनाया जा रहा है प्रस्ताव
भटेरा रोड में चिन्हित डायवर्टेड मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। दरअसल, अभी यह मार्ग महज 3.75 मीटर चौड़ा है। हेवी ट्रेफिक की संभावना के चलते इस मार्ग को 5.50 मीटर चौड़ा करने की योजना बनाई गई है। हालंाकि, अभी इस पर किसी भी तरह से विचार नहीं किया गया है। बताया गया है कि यह मार्ग प्रधानमंत्री सडक़ योजना के तहत बनाई गई है। जिसके तहत विभागीय तौर पर भी इस मार्ग को चौड़ा किया जा सकता है।
इनका कहना है
भटेरा आरओबी निर्माण कार्य के दौरान डायवर्टेड बोदा मार्ग से आवागमन किया जाएगा। प्रारंभिक रुप से अभी इस मार्ग को तैयार कर लिया गया है। यह मार्ग करीब 3.75 मीटर चौड़ा है। इसे 5.50 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद इस मार्ग को भी चौड़ा कर दिया जाएगा। जिससे आवागमन में सुविधा होगी।
-अर्जुन सिंह सनोडिया, एसडीओ, सेतु निगम
भटेरा रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए सर्वे का कार्य तो पूरा हो गया है। लेकिन सर्वे रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। सर्वे प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित भू-स्वामियों को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भू-अर्जन का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। आरओबी निर्माण कार्य के दौरान डायवर्टेड मार्ग से आवागमन जारी रहेगा।
-गोपाल सोनी, एसडीएम, बालाघाट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *