लखनपुरा तिगरा सहित आसपास जंगली क्षेत्र में चल रहा अवैध पत्थर उत्खनन का कारोबार,
भारती अहिरवार


हटा / मड़ियादो वन परिक्षेत्र हटा अंतर्गत रमना बीट में लंबे समय से अवैध खनन कर पत्थर निकाले जा रहे हैं,जिन्हें ट्रैक्टर ट्रालियों की मदद से आसपास के गांवों में बेचा जा रहा है। वनकर्मीयों की निष्क्रियता के चलते माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि यह कही भी जंगल में ट्रैक्टर ट्रॉली भेजकर पत्थर लोड कर परिवहन कर लेते है। क्षेत्र के ,तिगरा,पुरानाखेड़ा, डोली सहित अनेक गांवों की सीमा से लगे वनों में कतिपय चोर दिन रात बिनोला पत्थर के अलावा छोटी छोटी खदाने खोद कर पत्थर परिवहन कर रहे हैं।
हाल ही में पुरानखेड़ा के समीप करीब आठ से दस ट्रॉली पत्थर निकाले गए जो मौके पर जंगल में ही पड़े है। जिस जगह पत्थर का संग्रहण किया गया है वहां एक छोटी पत्थर खदान भी देखने मिली है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा कि माफियाओं द्वारा अवैध खदान लगाने की तैयारी की गई है। सबसे खास बात यह है जिस जगह अवैध खदान की तैयारी माफियाओं द्वारा की गई है मुख्य मार्ग से महज 500 मीटर दूर है। बता दे कि रमना बीट में वनकर्मी अरमान खान और दो चौकीदार पदस्थ है। जिनके द्वारा क्षेत्र भ्रमण नहीं किया जा रहा। कागजी ड्यूटी का नतीजा है कि इस बीट में आने वाले कीमती सागौन की अवैध कटाई जारी है वहीं भारी मात्रा में अवैध विनोला ओर जुड़ाई पत्थर निकालकर अवैध परिवहन भी किया जा रहा है। बता दे कि कुछ दिन पहले इसी बीट में हुई अवैध कटाई को लेकर वनकर्मी पर 24 हजार रुपए की वसूली अधिरोपित हो चुकी है। बावजूद क्षेत्र में अवैध कटाई और वन भूमि से पत्थर का परिवहन नहीं रुक रहा है।
रमना बीट में अवैध खनन कर पत्थर परिवहन करने के संबंध में जानकारी मिली है । अवैध उत्खनन करने वालों ओर उसमें संलिप्त पर भी कारवाई की जाएगी।
ऋषि तिवारी वन परिक्षेत्र अधिकारी हटा
