
इन्दौर । कल देर रात हुए एक भीषण सडक़ हादसे में एक्टिवा सवार दो युवतियो को तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार सवार युवक-यवती ने जोरदार टक्कर मार दी जिसमें दोनों की मौत हो गई। कार सवार मौके से भाग गए, लेकिन उनकी कार जब्त कर ली गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार इतनी रफ्तार में थी कि टक्कर के बाद एक्टिवा सवार युवतियां करीब 20 फीट दूर फिंका गई थी। हादसा खजराना थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी नगर मेला ग्राउंड के पास हुआ। खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव के अनुसार हादसे में दीक्षा जादौन पिता अभी जादौन उम्र सत्ताईस साल निवासी तुलसी नगर और लक्ष्मी पिता नाथूसिंह तोमर उम्र सत्तावीस साल निवासी पीयू-4 विजय नगर की मौत हो गई। घटना कल रात करीब 12 बजे की है जब एक्टिवा क्रमाक. एमपी-07-एसएच-6065 से दोनों युवतियां महालक्ष्मी नगर तरफ जा रही थीं। तभी रास्ते में मेला ग्राउंड के पास एक हाई क्लास कार क्रमांक सीएच-01- एयू-1061 का सवार उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद कार भी अनियंत्रित हुई और एक बिजली के खंभे में जा घुसी थी जिसके बाद कार चला रहे युवक ने कार को रिवर्स लिया लेकिन कार बंद हो गई तो कार को वहीं छोड युवक-युवती लापता हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
