गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर


दमोह। दमोह सागर बाइपास पर रविवार रात इंजीनियरिंग कॉलेज भवन निर्माण में काम करने वाले तीन इंजीनियर के साथ तीन बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर लूट को अंजाम दिया। आरोपी रुपए लेकर भागने लगे, तो इंजीनियर ने उनका विरोध किया, जिस पर आरोपियों ने तीनों इंजीनियर पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर इंजीनियर के सहकर्मी घटना स्थल पहुंच गए। इसी समय आरोपी बाइक से भागने लगे, जिसमें से एक आरोपी को सह कर्मियों ने पकड़ लिया। घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल इंजीनियर में दयाराम कुशवाहा, किशन राठौड़ और मनसुख शामिल हैं। घायलों ने बताया कि वह निर्माणाधीन इंजीनियरिंग कॉलेज से बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें तीन युवक मिले। उन्होंने कहा कि वह पुलिसकर्मी है और उन्हें खबर मिली कि यहां से तुम तीनों गांजा लेकर जा रहे हो। हमने उनको बताया कि हम इंजीनियर हैं और कॉलेज निर्माण का काम कर रहे हैं, लेकिन आरोपियों ने बात नहीं सुनी और जबरन हमारी तलाशी लेकर 20000 निकाल लिए और वहां से जाने लगे।हमने उन्हें रोका, तो बदमाशों ने हम पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दयाराम कुशवाहा और मनसुख के पेट में चाकू लगने से उनकी आंत बाहर आ गई, वहीं किशन राठौड़ के हाथ की नस कट गई, इसलिए रात में ही प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी डॉक्टर विक्रांत चौहान ने तीनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। देर रात बाकी दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि पुलिस के द्वारा नहीं की गई है।
