
पटवारी ने अनूपपुर-शहडोल में संगठनात्मक बैठकें ली
अनुपपुर / शहडोल । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अनुपपुर और शहडोल में स्थानीय कांग्रेसजनों के साथ संवाद कर कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए चर्चा की। अनुपपुर जिले की कोतमा विधानसभा में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक कर सभी को गांव-गांव में मजबूत संगठन बनाने का संकल्प दिलाया गया। श्री पटवारी ने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि अच्छे और सच्चे विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और जातिगत जनगणना करेंगे। इसके लिए कांग्रेस का कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनगणना करेगा।
श्री पटवारी ने अपने प्रवास के दौरान कहा कि नशे के अवैध कारोबार, जूए, सट्टे और अन्य अवैध धंधों से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। यह सरकार और इसका प्रशासन इन अवैध धंधों को रोकने की बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा जहां एक और रोजगार की तलाश में भटक रहा है, वहीं भाजपा उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। किसानों के साथ न्याय नहीं, महिलाओं को सम्मान नहीं मिल रहा है।
श्री पटवारी ने कहा कि विगत चुनाव में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किये, चुनाव जीतने के बाद पूरे वादों को भूल गयी। चाहे किसानों से किये वादे हो, महिलाओं से किये वादे हो भाजपा ने एक भी वादा इन वर्गों का पूरा नहीं किया। प्रदेश में दलित, आदिवासी वर्ग पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। सरेराह अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। भाजपा राज में कानून-व्यवस्था पूरी तरह क्षीण हो चुकी है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।
श्री पटवारी ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुये कहा कि आपके उत्साह से हमें ताकत और ऊर्जा मिलती है और यही ऊर्जा कांग्रेस के विचार को भी जन-जन तक पहुंचाएगी। कांग्रेस संगठन को ऊंचाइयां देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के अत्याचार और अराजकता भरे माहौल में जनता संघर्ष के दौर से गुजर रही है। कांग्रेस पार्टी संकल्पित है कि जनता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। हम विपक्ष की भूमिका में रहकर अपने दायित्वों को पूरी ताकत के साथ सदन में उठायेंगे और हर वर्ग के हितों के लिए उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगे। भाजपा राज में व्याप्त अराजकता को समाप्त करने के लिए हम जन-जन तक विपक्ष के माध्यम से जनहित के मुद्दों को उठायेंगे।
श्री पटवारी ने कहा कि यह वर्ष संगठन की मजबूती और संघर्ष का वर्ष है। कांग्रेस के विचार और संस्कार को प्रदेश के गांव-गांव में पहुंचने के लिए, हम सभी संकल्पबद्ध हैं। हम सभी मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए संकल्पित है।
इस दौरान विधायक फुन्देलाल मार्कों, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह , पूर्व विधायक सुनील सराफ , विनय सक्सेना , युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुड्डू चौहान सहित अन्य नेतागण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेसजन उपस्थित थे।
