
प्रेमिका, उसकी बहन सहित चार आरोपी गिरफ्तार
शराब पीकर प्रेमिका से वाद-विवाद करना बनी हत्या की वजह
बालाघाट। पहले लोहे की रॉड से मारकर युवक की हत्या कर दी। फिर इसे दुर्घटना का रुप देने का प्रयास किया। लेकिन उसमें वे सफल नहीं हो पाए। इस अंधे हत्याकांड मामले में पुलिस ने प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पुष्पा (यादव) कावरे पति स्व. सुरेश कावरे उम्र 40 वर्ष, अभय पिता अनिल कोरी उम्र 22 वर्ष, लता (यादव) तिवारी पति आकाश तिवारी उम्र 38 वर्ष और आकाश पिता स्व. शिवलाल तिवारी उम्र 32 वर्ष शामिल है। मामला उकवा चौकी के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 6 का है।
पुलिस ने बताया कि 4 दिसंबर 2024 को वार्ड क्रमांक 6 में शाहजहां उर्फ साजन साईं उम्र 30 वर्ष की संदिग्ध स्थिति में शव बरामद किया गया था। शव निरीक्षण करने पर शाहजहां की मृत्यु किसी ठोस वस्तु से सिर में आई घातक चोट के कारण होना पाया गया। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान पता चला कि शाहजहां मूलत: गिरीडीह झारखंड का निवासी है, जो पिछले 8-10 वर्षों से राइस मिल उकवा में वाहन चलाने का कार्य करता था। वह वार्ड क्रमांक 6 उकवा में अकेले रहने वाली विधवा पुष्पा कावरे से प्रेम संबंध होने के चलते उसी के साथ रहता था। शाहजहां का शव पुष्पा के पड़ोस वाले घर के पीछे कमरे में मिला था। इस अंधेहत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसपी नगेंद्र सिंह ने निर्देश दिए थे। एएसपी केएल बंजारे और एसडीओपी अरविंद शाह के मार्गदर्शन में पुलिस ने इस अंधेहत्याकांड का खुलासा किया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला कि शाहजहां शराब पीने का आदी था। वह अक्सर अपनी प्रेमिका से लड़ाई-झगड़ा करता था। घटना दिनांक को भी विवाद हुआ था। इस आधार पर पुलिस ने पुष्पा कावरे को गिरफ्तार सख्ती से पूछताछ की। पुष्पा ने पूछताछ में बताया कि घटना दिनांक को शाहजहां शराब के नशे में विवाद कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली उसकी बहन लता और उसका पति आकाश व भतीजा अभय आ गया। रोज-रोज के विवाद से तंग आकर बहन लता ने लोह की रॉड से शाहजहां के सिर पर वार कर दिया। जिससे वह घायल होकर गिर गया। फिर चारों ने घटना को छिपाने के लिए पड़ोस के घर में शाहजहां को लिटा दिया। इसके बाद डॉक्टर को शाहजहां के दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे डॉक्टर ने गहरी चोट और शाहजहां के गंभीर रुप से घायल होने के चलते उपचार करने से इंकार कर दिया। घायल को अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लेकिन उन्होंने घायल को अस्पताल लेकर नहीं गए थे। दूसरे दिन घायल की मौत हो गई।
