Spread the love

तीन लोगों समेत नाबालिग बेटा भी गिरफ्तार, बाल सुधार गृह भेजा
मुंबई। महाराष्ट्र की नवी मुंबई के उल्वे में पति की हत्या के आरोप में पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इन लोगों को एक व्यक्ति जिसकी पहचान सचिन मोरे के नाम से हुई उसका शव बरामद होने के कुछ दिनों बाद गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में दंपति के नाबालिग बेटे को भी हिरासत में लिया गया है और उसे बाल सुधार गृह भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि सचिन मोरे का शव 23 फरवरी की सुबह वावहाल गांव में एक पुल के पास मिला था।
पुलिस के मुताबिक जब शव मिला तो उसकी पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया था। इस बीच, एक महिला और उसके बेटे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति 22 फरवरी से लापता है। पुलिस ने सचिन मोरे की तस्वीर मां-बेटे को दिखाई और उन्होंने उसकी पहचान की। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने महिला से उसके पति के बारे में पूछताछ की तो उसने सही जवाब नहीं दिए, जिससे पुलिस को शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और उनके घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि दम घुटने के कारण सचिन मोरे की मौत हुई थी। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में महिला ने बताया था कि उसका पति उसे परेशान करता था और वह उससे तलाक लेना चाहती थी। जब सचिन तलाक देने के लिए तैयार नहीं हुआ तो उसकी पत्नी ने अपने बेटे और दोस्त रोहित टेमकर और ऑटो रिक्शा चालक प्रथमेश म्हात्रे के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
जानकारी के मुताबिक सचिन मोरे की पत्नी ने उसे करेले के जूस में नींद की दवा मिलाकर पिला दी और जब वह बेहोश हो गया, तो उन्होंने उसे ऑटो में बैठा दिया। इसके बाद महिला ने कपड़े से उसका गला घोंट दिया और फिर उसके शव को पुल के पास फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार को मृतक सचिन की पत्नी और दोस्त रोहित टेमकर और ऑटोरिक्शा चालक प्रथमेश म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया साथ ही महिला के 16 साल के बेटे को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *