
शिकायत के आधार पर की जा रही है कार्यवाही
बालाघाट। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मोहगांव में सोमवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने छापामार कार्यवाही की है। हालांकि, कार्यवाही को पूर्ण रुप से गोपनीय रखा गया है। लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धान खरीदी में अनियमितता के मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ईओडब्ल्यू डीएसपी एवी सिंह के नेतृत्व में सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे से टीम मोहगांव सोसायटी में पहुंची थी। जहां से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बताया गया है कि सोमवार को अधिकारियों ने धान खरीदी से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच पड़ताल की है। हालांकि, अभी अधिकारियों ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मोहगांव में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान आर्थिक अनियमितता की गई है। जिसकी शिकायत गोपानीय रुप से की गई थी। शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू की टीम सोमवार को मोहगांव पहुंची। जहां बंद कमरे में टीम दस्तावेजों की जांच पड़ताल करते रही। जांच की कार्यवाही सोमवार के देर शाम तक चलते रही। बताया गया है कि मंगलवार को पुन: इस मामले की जांच की जाएगी। इस कार्यवाही के दौरान बिरसा तहसीलदार राजू सिंह नामदेव सहित स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा।
