Spread the love

पहले किया था शादी से इंकार, पॉच महीने पहले प्रेमी के साथ प्लान बनाकर भरी थी हामी
-प्रेमी को कारोबार के लिये थी पैसो की जरुरत

भोपाल। टीटी नगर थाना पुलिस ने इलाके के मैरिज हॉल से 19 फरवरी को रिसेप्शन वाली रात दुल्हन के प्रेमी के साथ भागने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है। जॉच में सामने आया की दुल्हन करीब पॉच महीने पहले बने प्लान के तहत ही 6 लाख के गहने लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हुई थी। पुलिस ने प्रेमी रितिक मालवीय, युवती रोशनी सोलंकी और उसके आरोपी दोस्त अरबाज खान को गिरफ्तार कर जेवरात बरामद कर लिए हैं। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गंजबासौदा में रहने वाली रोशनी सोलंकी (22) की शादी 18 फरवरी को भोपाल निवासी आशीष से हुई थी। 19 फरवरी की रात मैरिज गार्डन के बाहर से रोशनी कार से आये दो युवको के साथ फरार हो गई थी। शिकायत मिलने पर शुरुआती जॉच में पता चला रोशनी अपने प्रेमी रितिक के साथ भागी है। इसका खुलासा रोशनी ने वॉट्सएप स्टेटस पर वीडियो लगाकर किया था। आगे की छानबीन में सामने आया आरोपी रितिक (23) मालवीय उसका पड़ोसी है, और 5 साल से उसका रोशनी से प्रेम प्रसंग था। लेकिन पारिवारिक कारणों से उनकी शादी संभव नहीं थी। रितिक बेरोजगार था, और उसका अपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसने अपने दोस्त अरबाज खान (26) के साथ मिलकर नकली शादी की प्लानिंग तैयार की। रोशनी ने पहले साजिश में शामिल होने से इनकार किया। लेकिन लालच में आकर वह भी इसमें शामिल हो गई। इसके बाद उसने परिवार वालो के कहने पर 18 फरवरी 2025 को भोपाल निवासी आशीष रजक से शादी कर ली।

योजना के मुताबिक वह बारात वाले दिन ही फरार होने वाली थी। लेकिन मेहमानों के कारण प्लान बदलना पड़ा। 19 फरवरी को, रिसेप्शन के दौरान रोशनी अपने प्रेमी रितिक और उसके दोस्त अरबाज के साथ स्विफ्ट कार में बैठकर फरार हो गई। शुरुआत में आशीष को उम्मीद थी, कि रोशनी वापस आ जाएगी, इसलिए उसने चोरी की शिकायत नहीं की। लेकिन जब 10 दिन बीत जानेपर भी रोशनी की कोई जानकारी नहीं लगी तब दो दिन पहले उसने थाने में शिकायत करते हुए बताया की रोशनी उसके 6 लाख कीमत के जेवर लेकर भागी है। जांच के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। टीटी नगर पुलिस लगातार आरोपियों पर नजर रख रही थी। जैसे ही उन्हें सूचना मिली कि आरोपी अयोध्या बायपास के पास मौजूद हैं, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया रितिक डीजे का काम करता था, जो काफी समय पहले बंद हो गया था। उसे पैसों की जरूरत थी इसलिए उसने रोशनी को शादी के लिए तैयार किया। उसने रोशनी से कहा था की वह सारे जेवरात लेकर भागे ताकि खर्च के काम आ सके। तीनों को जानकारी थी की पुलिस उन्हें सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसके चलते अरबाज ने कार खराब होने का बहाना बनाकर उसे एक रिश्तेदार के यहां खड़ा किया और खुद टैंकर चलाने बाहर चला गया। वहीं रितिक अपनी प्रेमिका को लेकर खेत पर बने मकान पर रहने लगा। सभी आरोपियों ने मोबाइल बंद कर रखे थे। लेकिन लोकेशन ट्रैस होते ही पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अफजल टीकमगढ़ का रहने वाला है, उसका अपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। तीनों आरोपियों से 6 लाख रुपए कीमत के गहने, मोबाइल, और स्विफ्ट कार बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *