
मंत्री प्रहलाद पटेल जनता को भिखारी बताने पर माफी मांगें व इस्तीफा दें ?: मिथुन अहिरवार
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर 5 मार्च को पूरे प्रदेश में पत्रकार वार्ता के कार्यक्रम के तहत मध्य प्रदेश काँग्रेस मीडिया अध्यक्ष मुकेश नायक, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तथा मीडिया प्रभारी(भोपाल) मिथुन अहिरवार, प्रवक्तागण अभिनव बरोलीया एवं श्रीमती रोशनी यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय मे आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता को भिखारी कहे जाने का विरोध करते हुए हुए इसे जनता का अपमान बताया है तथा भाजपा के मंत्री समेत समूची भाजपा से अपने मिस्ड कॉल सदस्यों समेत पूरे देश की जनता से माफी तथा मंत्री पटेल के इस्तीफे की मांग की है।
अहिरवार ने पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि चुनाव के पहले जनता को लालच देकर खरीदने की कोशिश करना और चुनाव के बाद उसी जनता को दुतकारकर अपमानित करना, यह भाजपा की पुरानी आदत है, ताज़ा मामले मे भाजपा की केंद्र सरकार के मंत्री पद से डिमोट कर मध्य प्रदेश के मंत्री बनाए गए प्रहलाद पटेल का ताज़ा बयान जनता का अपमान है एवं उनके बयानों को लेकर हम सब भाजपा एवं मंत्री पटेल से 6 सवाल सवालों का जवाब चाहते हैं।
मंत्री पटेल का बयान जिसमे उन्होंने कहा कि ‘‘लोग सरकार से भीख मांगने के आदी हो गए हैं’’, तथा ‘‘ऐसे किसी शहीद का नाम जानते हो जिसने किसी से भीख मांगी हो, मुझे नाम बताना’’ उक्त बयानों पर पहला प्रश्न श्री अहिरवार ने पूछा कि शहीद कैसे अपना अधिकार मांगेगा? वो तो देश सेवा में शहीद हो गया परंतु क्या उसके शहीद होने पर उसके परिजन अपना अधिकार कागज पर आवेदन देकर मांगते हैं तो क्या वो भिखारी हैं? क्या यह पूरे देश के शहीद परिवारों का अपमान नहीं है?
मंत्री श्री पटेल का बयान ‘‘लेने की बजाय देने का मानस बनाइये’’ उक्त बयान पर दूसरा प्रश्न श्री अहिरवार ने पूछा कि जनता को मजबूर किया तो जनता ने दे दे कर सौरभ शर्मा की गाड़ी सोने और नोटों से भर दी, व्यापम में भाजपा की झोलियाँ भर दी, जीएसटी से झोली भर दी अब और जनता से कितना चाहिए इस सरकार को?
जनता पहले वोट दे, फिर अपना पेट काट काटकर बच्चों की फीस दे, इंकम टैक्स दे, जीएसटी दे, सैस दे और भाजपा की भ्रष्ट सरकार को कहीं पुलिस थाने में, कहीं तहसील में, कहीं आरटीओ में, कहीं सरकारी अस्पताल में अपने काम अधिकारियों द्वारा जानबूझकर अटकाने पर मजबूर होकर रिश्वत दे। इसके साथ ही औसतन 5 हज़ार करोड़ से ज्यादा का कर्ज प्रतिमाह लेने वाली सरकार, आरबीआई के मार्च के बजट अनुमान के मुताबिक 4 लाख 80 हज़ार करोड़ का कर्ज मध्य प्रदेश पर है, तो क्या यह कर्ज भी भीख के रूप मे मांगकर अब तक सरकार खा चुकी है? श्री अहिरवार ने सरकार से पूछा कि सरकार यह बताए कि वह कर्ज की लेनदार होने के बजाय कर्ज की देनदार कब बनने जा रही है। जीआईएस मे मुख्यमंत्री हाथ जोड़कर इनवेस्टमेंट उद्योगपतियों से मांग रहे थे तो क्या वो भी 30 लाख करोड़ की भीख मांगी गई है?
मंत्री श्री पटेल का बयान ‘‘समाज को स्वाभिमान से खड़ा करना यह अपराध नहीं है’’ उक्त बयान पर चौथा प्रश्न श्री अहिरवार ने पूछा कि स्वाभिमान क्या मुफ़्त की योजनाओं से भाजपा तय करती है? तो अगर ‘‘समाज को स्वाभिमान से खड़ा करना यह अपराध नहीं है’’ तो इसका मतलब यह हुआ कि ‘‘समाज को स्वाभिमान से खड़ा नहीं करना यह अपराध है’’ तो क्या शिवराज चौहान और मोहन यादव और नरेंद्र मोदी जिन्होंने दावा किया कि वे ऐसी योजनाएं चल रहे हैं तो क्या ये सभी नेता भाजपा कि नज़रों में अपराधी हैं?
श्री अहिरवार ने कहा कि चुनाव के पहले इनके जनता की मांगों को लेकर भाजपा के नेता सड़क पर आने की बात कहते थे अब कहते हैं कि कागज पर अपना अधिकार मांगना भीख है, प्रहलाद पटेल जनता के नौकर हैं, चुपचाप अपनी नौकरी करिए, अपनी मालिक जनता को भिखारी मत बोलिए तथा जनता के अपमान के लिए माफी मांगिए नहीं तो कांग्रेस पार्टी बीजेपी सरकार के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता के हक और अधिकारों के लिए कांग्रेस पार्टी निणार्यक लड़ाई लड़ेगी।
इसी कडी में कांग्रेस पार्टी द्वारा 6 मार्च 2025 को ब्लाक स्तर पर मप्र शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला दहन किया जायेगा, जिसमें ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों सहित ब्लाक, मण्डलम एवं सेक्टर के पदाधिकारीगण और कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। वहीं 8 मार्च को कांग्रेस के जिला प्रभारी-सहप्रभारी, विधायक, विधानसभा प्रत्याशियों एवं कांग्रेसजनों की मौजूदगी में जिला मुख्यालयों पर धरना एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंत्री प्रहलाद पटेल से इस्तीफे की मांग की जायेगी।
आगामी 10 मार्च को मप्र कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में मप्र किसान कांग्रेस द्वारा राजधानी भोपाल में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया गया है। वहीं 11 से 15 मार्च तक कांग्रेस के मोर्चा संगठन/ विभागों के अध्यक्षगणों द्वारा मप्र शासन के विभागीय मंत्रियों से विभाग संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जायेगा।
प्रदेश के सभी जिलों के जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ जंगी प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के इस्तीफे की मांग करेगी तथा यह भी मांग करेगी कि मुख्यमंत्री और मंत्री प्रहलाद पटेल प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगें अन्यथा जनता के विरोध के लिए तैयार रहें।
