
गुना| जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम तेलीगांव में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी गए चांदी के जेवर बरामद कर लिए।
फरियादिया राधा बाई पति संजू लोधी निवासी ग्राम तेलीगांव ने 07 मार्च 2025 को बीनागंज चौकी पर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 26 फरवरी से 06 मार्च 2025 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की अलमारी से चांदी की एक जोड़ पायल और एक करधनी चोरी कर ली है। इस शिकायत पर चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 94/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चांचौड़ा थाना पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्परता से कार्रवाई शुरू की। अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और तकनीकी संसाधनों की मदद से सघन प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप 09 मार्च 2025 को पुलिस ने संदेही संदीप पुत्र स्व. गुलाब सिंह लोधी निवासी ग्राम तेलीगांव थाना चांचौड़ा, जिला गुना को हिरासत में लिया। पूछताछ में संदीप ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए दोनों चांदी के जेवर बरामद कर लिए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक मचल सिंह मंडेलिया, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक चंचल पंवार, आरक्षक संजय सोलंकी, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक नरेन्द्र ओझा, आरक्षक शुभम मिश्रा, आरक्षक सचिन भिलाला एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया की सराहनीय भूमिका रही।
