बिना बैच नंबर, पैकिंग डेट एवं एक्सपायरी डेट के विक्रय हो रहे 53.5 किलो नमकीन बाजार मूल्य 4280 रुपए को किया गया नियमानुसार जप्त

हटा : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा हटा नगर के सुभाष वार्ड स्थित लक्ष्मी नमकीन प्रोपराइटर श्रीकांत जैन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में बिना बैच नंबर, पैकिंग डेट एवं एक्सपायरी डेट के 53.5 किलो नमकीन कुल 107 पैकेट मूल्य 4280 रुपए मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित पाए जाने पर नियमानुसार जब्त किया गया। बिना बैच नंबर , पैकिंग डेट एवं एक्सपायरी डेट का नमकीन मिथ्याछाप श्रेणी में आता है। नमकीन दुकान संचालक श्रीकांत जैन को पेस्ट कंट्रोल मैनेजमेंट सर्टिफिकेट, कार्यरत कर्मचारियों के एनुअल मेडिकल परीक्षण प्रमाण पत्र एवं फोस्टैक ट्रेनिंग प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। परिसर में विक्रय हेतु संग्रहित सादा मिक्सर नमकीन के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
