Spread the love

सीईओ जिला पंचायत श्री फुलपगारे नोडल एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री नेमा सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

दमोह : जिले में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दमोह में 27 मार्च  से 31 मार्च 2025 तक एक पुस्तक, स्टेशनरी एवं गणवेश मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर ने कहा है पुस्तक मेले में दमोह जिले के सभी विद्यालयों में संचालित कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 वीं तक की एन.सी.ई.आर.टी.(NCERT) /एस.सी.ई.आर.टी (SCERT) एवं राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा प्रकाशित समस्त पुस्तकें विक्रय हेतु उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त, सभी प्रकार की स्टेशनरी एवं समस्त विद्यालयों की यूनिफॉर्म भी विक्रय हेतु उपलब्ध रहेगी, जिससे विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पालक एवं आम नागरिक लाभान्वित होंगे।

            जिला मजिस्ट्रेट श्री कोचर ने कहा इस मेले में जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों/आगंतुकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुये पुस्तक मेले को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन आवश्यक होगा। आयोजन स्थल पर यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा सहायक नोडल अधिकारी होंगे। दोनों अधिकारी संपूर्ण आयोजन के सुचारू संचालन एवं आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।

पुस्तक मेले के अवसर पर विद्यार्थियों/आगंतुकों की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दमोह में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, जनसुरक्षा तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों/अधिकारियों को उत्तरदायित्व सौंपे गये हैं । सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि विभागवार व्यवस्थाएं समयबद्ध, समुचित एवं व्यवस्थित रूप से की जाएं।

            पुस्तक मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना एवं किसी भी अप्रिय घटना को रोकने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात की जाये। आयोजन स्थल पर भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन एवं प्रवेश/निकास व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने एवं आयोजन स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा निगरानी हेतु पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु क्विक रिस्पांस टीम का गठन एवं उनकी तैनाती सुनिश्चित हो। महिला की सुविधा और सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *