
हटा : अनुविभागीय अधिकारी हटा राकेश मरकाम के मार्गदर्शन में तहसील हटा के नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार ने भ्रमण के दौरान रजपुरा में गल्ला से भरी पिकअप वाहन को पकड़ा, पिकअप को रोककर जब गल्ला परिवहन संबंधित दस्तावेजों की जांच की तो मौके पर चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नही मिलने पर हटा मंडी कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया और अनाज की जांच कराई गई। नायब तहसीलदार के निर्देश पर मंडी कर्मचारियों ने रजपुरा थाना पुलिस को बुलाकर पिकअप रजपुरा थाना में रखवाई और वाहन में भरे गल्ले से संबंधित खरीद विक्रय की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हटा में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से व्यापारियों के सहयोग से कृषि उपज मंडी हटा में डाक व्यवस्था चालू कराई गई है, जिसमें गल्ला व्यापारियों से मंडी में खरीद विक्रय करने की अपील भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई है, बावजूद कुछ स्थानों से दूसरे जिलों में गल्ला भेजने की शिकायतें प्रशासन को प्राप्त हो रही थी जिसके तारतम्य में यह कार्यवाही की गई,। नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार ने बताया अनुविभागीय अधिकारी हटा राकेश मरकाम के मार्गदर्शन में लगातार इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि हटा मंडी सुचारू रूप से संचालित हो और किसानों को सही और उचित दाम मिल सके।
