Spread the love

महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये विशेष रूप से शक्ति मोबाइल की व्यवस्था-पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी

धार्मिक पर्वो पर बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने शांति समिति की बैठक संपन्न

दमोह : जिले में आगामी पर्व चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा, झूलेलाल जयंती, ईद-उल-फितर, निषादराज जयंती, रामनवमी, ज्वारे विसर्जन, महावीर जयंती, हनुमान जयंती, अंबेडकर जयंती, बैसाखी, गुड फ्राइडे, परशुराम जयंती पर्व मनाए जाने के संबंध में शांति समिति की बैठक कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट दमोह सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दमोह श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी, शांति समिति के सम्मानीय सदस्यगण एवं अधिकारीगण उपस्थित हुए। जिला मजिस्ट्रेट दमोह द्वारा उक्त पर्वों को शांति/सद्भावना से मनाए जाने एवं संबंधित विभागों से व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन पूर्व वर्षों की भांति सुचारू एवं व्यवस्थित आयोजन हेतु तत्पर है, जिसमें समिति सदस्यों का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।

            कलेक्टर श्री कोचर ने कहा आगामी पर्व 30 मार्च से 07 अप्रैल तक चैत्र नवरात्रि, 30 मार्च को गुड़ी पड़वा एवं झूलेलाल जयंती( चैती चांद), 31 मार्च को ईद उल-फितर, रमज़ान समाप्ति, 2 अप्रैल को निषादराज जयंती, 6 अप्रैल को राम नवमी, 7 अप्रैल को जवारे विसर्जन, 10 अप्रैल को महावीर जयंती, 12 अप्रैल को हनुमान जयंती, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती,  बैसाखी, 18 अप्रैल को गुड फ्राइडे एवं 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया (परशुराम जयंती) मनाई जायेगी।

            जिला मजिस्ट्रेट श्री कोचर ने आगामी पर्वों पर संपूर्ण जिले एवं नगर में विशेष सफाई व्यवस्था हेतु परियोजन अधिकारी शहरी विकास अभिकरण एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये। उन्होंने सामान्य जनमानस को समिति के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा सभी पर्वों के दौरान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जाए। सभी देवी मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, चर्चों, शोभायात्राओं, जुलूसों एवं धार्मिक आयोजनों पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई जाए। थाना स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित  की जाए। डीजे, लाउडस्पीकर एवं ध्वनि प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट और शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। नगर पालिका/ग्राम पंचायत एवं अन्य विभागों के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाये। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन दल को सक्रिय रखा जाए। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अपनेअपने क्षेत्र में गश्त करें एवं कानूनव्यवस्था बनाए रखें। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाये।

            जिला मजिस्ट्रेट श्री कोचर ने धार्मिक पर्वो में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिये नवरात्रि पर्व के दौरान एक-एक एंबुलेंस बड़ी देवी मंदिर, छोटी देवी मंदिर, कंकाली माता मंदिर एवं जिले के अन्य समस्त देवी मंदिरों में रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा एंबुलेंस में डॉक्टर एवं कर्मचारियों की टीम मय उपकरण सहित सुसज्जित रखी जाए। प्रत्येक प्रमुख देवी मंदिर परिसर में मिनी क्लिनिक स्थापित किए जाएँ और आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। लू, डिहाइड्रेशन एवं गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु मिनी क्लिनिक में ओआरएस, ग्लूकोज एवं आवश्यक दवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाए। विक्रय होने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए। स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करे कि ब्लड बैंकों में सभी रक्त समूहों का पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध हो। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग इन सभी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिये ।

  बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी ने समिति सदस्यों को आश्वस्त किया कि पूर्व वर्षानुसार इस वर्ष भी समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी एवं कानून व्यवस्था हेतु निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा निर्देशित किया गया है कि गड़रयाउ स्थित हरसिद्धि माता मंदिर के पास सदस्य द्वारा दी गई अतिक्रमण संबंधी सूचना के आधार पर, अनुविभागीय दण्डाधिकारी तत्काल स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करेंगे। नवरात्र के नौ दिनों के दौरान, सुबह से लेकर शाम तक महिलाएं और बच्चियां मंदिरों में जाती हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से शक्ति मोबाइल की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी जाये। सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों के तहत डी.जे. का साउंड केवल निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही उपयोग किया जाए। डी.जे./लाउडस्पीकर के संबंध में कोलाहल अधिनियम 1985 का कड़ाई से पालन कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। पटाखों का उपयोग बिजली के तारों के नीचे न किया जाए तथा ऐसे पटाखों का ही उपयोग किया जाए जो बिजली के तारों तक न पहुंचें।     इसी प्रकार 6 अप्रैल को रामनवमी के दिन, बूंदाबहू मंदिर, जेल, मंदिर एवं राम मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर एक शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो मोरगंज से प्रारंभ होकर राय चौराहा, घंटाघर, टॉकीज तिराहा, पुराना थाना, सिटीनल, महाकाली चौराहा, बड़ापुल, बर्तन बाजार होते हुए बूंदाबहू मंदिर में संपन्न होगी।

समिति सदस्यों द्वारा जवारे विसर्जन के संबंध में जानकारी दी गई कि शाम 4 बजे से फुटेरा तालाब और दीवानजी तलैया में जवारे का विसर्जन किया जाएगा । दीवान जी की तलैया की विशेष साफ-सफाई व्यवस्था तथा घाटों की पूर्व से सफाई करने का आग्रह किया गया। महावीर जयंती के अवसर पर प्रातः 8 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। हनुमान जयंती के अवसर पर संध्या 5 बजे गौरीशंकर मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। साथ ही, सभी हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। बैसाखी के अवसर पर गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की भीड़ एकत्रित होगी। अंबेडकर जयंती के अवसर पर वार्डों से जुलूस निकाले जाएंगे एवं अंबेडकर चौक पर भीड़ होती है । गुड फ्राइडे के संबंध में अवगत कराया गया तथा चर्चों के आसपास एवं क्रिश्चियन बहुल क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई। परशुराम जयंती के संबंध में अवगत कराया गया कि शाम 5 बजे शोभा यात्रा कमला नेहरू कॉलेज से प्रारंभ होकर राय चौराहा, घंटाघर, अस्पताल चौराहा होते हुए वापस कमला नेहरू कॉलेज में समाप्त होगी। इसके अलावा, एक दिन पूर्व परशुराम टेकरी (पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे) में पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *