
दमोह| दमोह देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर-सागर बायपास रोड पर 15 सितंबर को इंजीनियरों पर हमला करने वाले दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए बताया कि उमेश यादव निवासी सुखपुरा थाना नुनहार जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश हाल कृष्णा हाइट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात 8 बजे के करीब निर्माणाधीन बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज से काम करके अभियंता मनसुख एवं दयाराम अपने लेखाकार किशन राठौर के साथ घर वापस जा रहे थे। तभी बलराम ढाबा के आगे दो अज्ञात बाइक सवारों ने 5500 रुपए नकद, 2 पर्स एवं कागजात छीन लिए थे। विरोध करने पर मनसुख, दयाराम एवं किशन को चाकू मारकर घायल किया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जिसमें दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ करने पर घटना कारित करना कबूल किया। संदिग्धों के पास से दो चाकू एक बाइक सहित पर्स आदि सामग्री बरामद की गई।
