Spread the love

जबलपुर। जबलपुर से करीब 45 किलोमीटर दूर सोमती नदी में तेज रफ्तार एसयूवी पुल से गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी लोग चरगंवा से जबलपुर आ रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही चरगंवा थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो नंबर MP04 BA 6954 में फंसे लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार की बॉडी को सब्बल से फैलाया और अंदर फंसे दो लोगों को बाहर निकाला। दोनों घायल बोलने की हालत में नहीं थे। इनमें मनोज प्रताप पुत्र गोविंद पटेल (35) निवासी चौकीताल और जितेंद्र पुत्र नारायण पटेल लोधी (36) निवासी चौकीताल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक भी भेड़ाघाट थाने के चौकीताल गांव के ही रहने वाले थे।

चरगंवा थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने बताया कि दोपहर को एक सफेद स्कॉर्पियो में सवार 6 लड़के चरगंवा से जबलपुर जा रहे थे। जैसे ही कार सोमती नदी के पास पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। ग्रामीणों की मदद से दो शवों को बाहर निकाल लिया गया है, दो और अंदर फंसे हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की कार में एक बकरा भी था, जो जीवित है। प्रत्यक्षदर्शी रामकुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार कार MP04 BA 6954 जबलपुर की तरफ जाती दिखी थी, अचानक तेज आवाज आई। गांव के लोग दौड़कर पुल के पास पहुंचे तो देखा कि कार पुल से 30 फीट नीचे गिरी है। गांव के लोगों ने तुरंत ही पुलिस और 108 को सूचना दी। कुछ ही देर बाद मौके पर पुलिस पहुंची। जिनके साथ मिलकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *