Spread the love

पीड़ित युवक ने कर दिया था शादी से इनकार, युवती और पीड़ित दोनों हैं शादीशुदा

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक युवती ने शादी से इनकार करने पर अपने प्रेमी की धुलाई कर दी। आरोप है कि युवती ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर प्रेमी के हाथ-पैर तक तोड़ दिए हैं। पीड़ित युवक के शरीर में 13 फ्रैक्चर आए हैं। जानकारी के मुताबिक लड़की ने बॉयफ्रेंड को घर बुलाया और उसे अधमरा करके वहीं छोड़ दिया। घायल हालत में वह युवक किसी को मदद के लिए बुला भी नहीं पाया।
पुलिस के मुताबिक युवती ने पीड़ित युवक को उधार लिए पैसे लौटाने के बहाने घर बुलाया था। चौंकाने वाली बात ये है कि दोनों शादीशुदा हैं। बॉयफ्रेंड अपनी पत्नी से अलग रह रहा है, जबकि गर्लफ्रेंड का अपने पति से तलाक का केस चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित के तीन बच्चे भी हैं, वहीं गर्लफ्रेंड की भी 10 साल की एक बेटी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है
जानकारी के मुताबिक अस्पताल में भर्ती पीड़ित ने बताया कि वह सारन गांव का रहने वाला है। उसकी शादी 2015 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। वह जवाहर कॉलोनी में मोबाइल की दुकान चलाता था। 2019 में उसकी दुकान पर एक महिला आई। वह पहले मोबाइल रिपेयर कराने आती थी। वह फरीदाबाद एनआईटी के 2 नंबर इलाके में रहती थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत होने लगी और वे दोस्त बन गए। फिर दोनों के बीच प्यार हो गया।
9 साल पहले युवती ने अपने पति को छोड़ दिया था और कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। इसी बीच पीड़ित युवक भी अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रहने लगा। उसकी पत्नी और बच्चे सारन गांव में ही रहते हैं। पीड़ित ने बताया कि युवती उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। उसने महिला को बता भी दिया था कि वह शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता हैं, लेकिन फिर भी युवती दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर उसने शादी से इनकार कर दिया। इससे दोनों के बीच विवाद हो गया। 29 मार्च को उसने युवती से कहा कि उसने जो साढ़े 21 लाख रुपए लिए हैं, उन्हें लौटा दे। वह रुपए मांगने उसके घर गया। वहां युवती के माता-पिता ने उसकी पिटाई की। वह किसी तरह से जान बचाकर वहां से भाग गया।
पीड़ित गुलशन ने बताया कि इसके बाद युवती के भाई अमित का कॉल आया। उसने कहा कि घर आकर रुपए ले जाओ। जब उसने पहले मारपीट की बात कही तो अमित ने कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। उसकी बातों में आकर वह युवती के घर चला गया। वह घर के करीब पहुंचा ही था कि गली के बाहर ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। उसमें युवती के रिश्तेदार भी शामिल थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *