मंडला की युवती ने की शिकायत, शादी का झांसा देकर किया रेप

जबलपुर। पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व नगर उपाध्यक्ष के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि भाजपा नेता ने सोशल मीडिया के जरिए एक युवती से दोस्ती की और फिर उसे जबलपुर के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने मंडला के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी एमटेक की पढ़ाई कर चुका है और वर्तमान में ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। भाजयुमो के पूर्व नगर उपाध्यक्ष लिविश पटेल की मंडला निवासी एक युवती से एक साल पहले दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों की अक्सर फोन पर बातचीत होने लगी। 15 जनवरी को युवती जबलपुर आई थी।लिविश ने उसे आईएसबीटी बस स्टैंड से कार में बैठाया और यादव कॉलोनी के एक होटल में ले जाकर रेप किया। इसके बाद युवती मंडला लौट गई। कुछ दिन तक दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन फिर लिविश ने उससे बात करना बंद कर दिया।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया
मार्च में युवती ने मंडला जिले के बम्हनी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि वह कई बार जबलपुर गई और लिविश को कॉल भी किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। तब युवती को एहसास हुआ कि शादी का झांसा देकर उसने रेप किया। जबलपुर लौटने के बाद उसने संबंधित थाने में लिविश पटेल के खिलाफ रेप की शिकायत की। प्रारंभिक जांच में जबलपुर पुलिस ने पाया कि युवती के साथ ज्यादती की गई है। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।
लिविश ने 2016-17 में भाजयुमो की सदस्यता ली
लिविश पटेल ने 2016-17 में भाजयुमो की सदस्यता ली थी। पूर्व नगर अध्यक्ष रंजीत पटेल की कार्यकारिणी में नगर उपाध्यक्ष के पद पर रहा है। वह पार्टी के कई कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेता रहा है।
एफआईआर दर्ज, जांच जारी
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि कुछ दिन पहले मंडला जिले से एक जीरो एफआईआर दर्ज कर केस डायरी जबलपुर एसपी ऑफिस भेजी गई थी। जांच में सामने आया कि पीड़िता मंडला की निवासी है और बम्हनी थाने में रेप से संबंधित शिकायत दर्ज करवाई है। चूंकि घटना स्थल जबलपुर था, इसलिए मामले की जांच जबलपुर पुलिस कर रही है।
