Spread the love

जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम कर रही पूछताछ
जबलपुर। ईसाई मिशनरी की प्रापर्टी में धोखाधड़ी करने और स्कूल की जमीन के अधिग्रहण की राशि का गबन करने के आरोप में फरार चल रहे पूर्व बिशप पीसी सिंह को जबलपुर की ईओडब्ल्यू की टीम ने कर्नाटक राज्य के मंगलौर जिले से गिरफ्तार कर लिया है| ईओडब्ल्यू के डीजी उपेंद्र जैन ने बताया कि पूर्व बिशप जबलपुर डायोसिस पीसी सिंह एवं चेयरमैन एनडीटीए पॉल दुपारे द्वारा बार्स्लेय स्कूल, कटनी की 0.22 हेक्टेयर भूमि को रेलवे द्वारा अधिग्रहण किए जाने पर प्राप्त राशि 2 करोड़ 45 लाख 30 हजार 830 रुपए का गबन एवं धोखाधड़ी करने के आरोप में ईओडब्ल्यू ने जांच के बाद धारा 406, 420, 120बी के तहत प्रकरण दर्ज् कर विवेचना में लिया था| विवेचना के दौरान यह साक्ष्य सामने आए कि पीसी सिंह ने चेयरमैन एनडीटीए पॉल दुपारे के साथ षड़यंत्रपूर्वक बार्स्लेय स्कूल, कटनी की मुआवजा राशि 2 करोड 45 लाख 30 हजार 830 रुपए प्राप्त करने के लिए संबंधित न्यायालय में प्रिंसिपल बार्स्लेय स्कूल की ओर से कूट रचित पत्र प्रस्तुत किया था, तथा राशि को एनडीटीए के अधिकृत खातों में हस्तांतरित न कर अन्य खातों में हस्तांतरित कर गबन किया गया|
यह तथ्य भी संज्ञान में आया कि पूर्व बिशप पीसी सिंह के द्वारा मुआवजा राशि के संबंध में एनडीटीए से न तो अनुमति प्राप्त की गई और न ही अवगत करवाया गया, जबकि एनडीटीए इसके संबंध में अधिकृत है| विवेचना में प्राप्त साक्ष्य के आधार पर धारा 467, 468, 471 के तहत का भी इजाफा किया गया|
ईओडब्लयू द्वारा आरोपी पूर्व बिशप पीसी सिंह को मंगलौर (कर्नाटक) से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है| इस अपराध का एक आरोपी फरार है| न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी|
आपराधिक पृष्ठभूमि…….
आरोपी पूर्व बिशप पीसी सिंह पिता स्व. बिलट सिंह, निवासी 2131 बिशप हाउस, नेपियर टाउन, इंकम टैक्स चौराहे के पास, जबलपुर शातिर एवं आदतन अपराधी है जिसके विरुद्ध कई राज्यों दिल्ली, उप्र, मप्र, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, एवं प्रवर्तन निदेशालय में 64 अपराध पंजीबद्ध है|
आरोपी पूर्व बिशप पीसी सिंह की गिरफ्तारी में आर्थिक प्रकोष्ठ इकाई, जबलपुर के उप पुलिस अधीक्षक एसएस धामी के नेतृत्व में निरीक्षक मोमेंद्र कुमार मर्सकोले, प्रधान आरक्षक अभिनव ठाकुर, आरक्षक शेख नदीम एवं आरक्षक सुनील मिश्रा आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ मुख्याल, भोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *