प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गांवों का हो रहा चहुंमुखी विकास – बंटी विवेक साहू
छिंदी में आयोजित हुआ पंच सरपंच सम्मेलन




छिंदवाड़ा। आने वाली पीढ़ियों की चिंता हम सभी को करना होगा, सामुदायिक सहयोग से ही स्वच्छता अभियान सफल हो सकता है, बारहमासी नदियों पर संकट आएगा तो नर्मदा जैसी बड़ी नदियों पर भी संकट आएगा। यह बात जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तामिया के ग्राम बातरा में दूधी नदी के उद्गम स्थल सुरलाखापा में स्थित शक्कर नदी के उद्गम स्थल और ग्राम छिन्दी में स्थित सीतारेवा नदी के उद्गम स्थल पर आयोजित पूजन अर्चन के कार्यक्रम के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कही। ग्राम छिंदी में पंच सरपंच सम्मेलन कर आयोजन भी किया गया। इस दौरान कार्यक्रमों को पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल,सांसद बंटी विवेक साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव और विधायक राजा कमलेश शाह ने भी संबोधित किया। वहीं सभी प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने ग्राम छिंदी में हजारी लाल साहू के निवास स्थान पर आमजनों से मुलाकात करते हुए बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के दूसरे माह में तामिया की ग्राम पंचायत हर्रा कछार के ग्राम बातरा में दूधी नदी के उद्गम स्थल, सुरलाखापा में स्थित शक्कर नदी के उद्गम और ग्राम छिंदी में स्थित सीतारेवा नदी के उद्गम स्थल पर गुरुवार 8 मई को कार्यक्रम का आयोजन हुआ। वही ग्राम छिंदी में पंच सरपंच सम्मेलन कर आयोजन भी किया गया। जिसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के साथ सांसद बंटी विवेक साहू प्रमुख रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरूआत में अतिथिगणों ने गांव में कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद श्री पटेल एवं सांसद श्री साहू द्वारा बातरा में दूधी नदी के उद्गम स्थल और सुरला खापा में स्थित शक्कर नदी के उद्गम स्थल पर विधि विधान से पूजा अर्चना की गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि आदिवासियों भाईयों की स्वच्छ जीवन शैली से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। पहाड़ों के पेड़ पोधों की जड़ों से हमें पानी मिलता है। इन पेड़ पोधों को हमें बचाना होगा। प्रकृति से हम सब ले रहे है, लेकिन हम प्रकृति को क्या दे रहे है इस पर चिंतन होना चाहिए। छिन्दी में आयोजित पंच सरपंच सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि पहले की सरकारों के समय सिर्फ शहरों में ही विकास हुआ करता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों का चहुमुखी विकास हो रहा है। मध्यप्रदेश में भी पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भाईसाहब के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराये जा रहे है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का सपना है कि भारत समृद्ध और विकासशील राष्ट्र बने, जो कि बिना गांवों के विकास के संभव नहीं है। इसी सपने को भाजपा सरकार पूरा कर रही है। जिले के अधिकारियों द्वारा भी ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में विशेष ध्यान दिया जा रहा है जो कि सराहनीय है।
