
बरगी और मझौली की ग्राम पंचायत डूंडी में लोकायुक्त की कार्रवाई
जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शासकीय हाई स्कूल मोहास बरगी के संकुल प्राचार्य को एक शिक्षक से रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा, इसी प्रकार मझौली ग्राम पंचायत डूंडी के सरपंच को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया| प्राचार्य ने प्राथमिक शिक्षक से क्रमोन्नति की फाइल को आगे बढ़ाने के नाम पर 5 हजार रुपए की घूस मांगी थी। सरपंच द्वारा विधवा पेशन व राशन पर्ची बनाने के लिए रिश्वत ली थी।
लोकायुक्त एसपी संजय साहू ने बताया कि प्राथमिक शिक्षक शाला चूल्हाघाटी बरगी जबलपुर में पदस्थ शिक्षक मदन सिंह पंद्रो ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर को एक लिखित शिकायत दी थी। जिसमें आवेदक द्वारा बताया गया था कि उसकी शैक्षणिक सेवा के 12 वर्ष पूर्ण करने के उपरांत मिलने वाली क्रमोन्नति की फाइल को अग्रेषित करने के बदले में संकुल प्राचार्य जिनेश कुमार जैन द्वारा 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत सत्यापन उपरांत गुरूवार 8 मई को सगड़ा चौराहा शास्त्री नगर में रंगे हाथों प्राचार्य जिनेश कुमार जैन को 4 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया। ट्रेप दल में निरीक्षक श्रीमती रेखा प्रजापति, निरीक्षक नरेश बेहरा, निरीक्षक कमल सिंह उईके, एवम् अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सरपंच रिश्वत लेते पकड़ाया…………
इसी प्रकार मझौली के ग्राम पंचायत डूंडी के सरपंच गोपीचंद कोल को लोकायुक्त टीम ने दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। इस संबंध में लोकायुक्त एसपी संजय साहू ने बताया कि ग्राम डूडी मझौली निवासी धनिया बाई पटेल के पति कैलाश पटेल उम्र 36 वर्ष का दो साल पहले निधन हो गया था। संबल योजना के तहत धनिया बाई के एकाउंट में दो लाख रुपए आए थे। ग्राम डूडी का सरपंच गोपीचंद पिता सोनेलाल कोल उम्र 44 वर्ष द्वारा विधवा पेंशन व राशन पर्ची बनाने के एवज में 35 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। महिला धनियाबाई पटेल ने इस बात की शिकायत लोकायुक्त आफिस पहुंचकर एसपी से की। इसके बाद गुरुवार को दस हजार रुपए रिश्वत की पहली किश्त लेकर धनिया बाई पटेल पहुंची और केनरा बैंक के सामने ग्राम धनगवां में सरपंच गोपीचंद कोल को दी। तभी लोकायुक्त टीम में डीएसपी नीतू त्रिपाठी, इंस्पेक्टर शशिकला मस्कुले, जितेन्द्र यादव सहित अन्य सदस्यों ने दबिश देकर सरपंच गोपीचंद कोल को रेगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम के हत्थे चढ़ते ही सरपंच ने रिश्वत के रुपए फेंके और विवाद करने लगा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम1988 (संशोधन)2018 की धारा-7, 13(1)बी, 13(2) के अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है|
