
सर्च कार्रवाई में पांच चार पहिया वाहन, एक दो पहिया वाहन कुल 6 वाहन पाए गए
जबलपुर । पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कटनी में पदस्थ असिस्टेट इंजीनियर (एई) उमाशंकर पाराशर के नरसिंहपुर आवास सहित आमगांव के पास ग्राम बीनेर व ग्राम निवारी में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्लू) की टीम ने छापा मारा है. आज सुबह दी गई दबिश में ईओडब्ल्यू की टीम को आय से कई गुना अधिक संपत्ति के दस्तावेज मिले है. जिनकी जबलपुर ईओडब्ल्यू की टीम द्वारा जांच की जा रही है. सर्च कार्रवाई में पांच चार पहिया वाहन, एक दो पहिया वाहन कुल 6 वाहन पाए गए हैं जिनकी अनुमानित कीमत 60 लाख हैं| इसके अलावा 18 लाख 16 हजार 955 रुपए के अनुमानित जेवर पाए गए| घरेलू सामान की इंवेंटरी बनाई गई जिसकी कीमत लगभग 36 लाख 43 हजार रुपए आंकी गई है| नौ बैंक खातों की जानकारी मिली हैं जिसकी जांच की जा रही है| छापे के दौरान आरोपी के निवास एवं फैक्ट्री से कुल 5.5 करोड़ की संपत्ति प्राप्त हुई हैं| ईओडब्लयू के उपपुलिस निरीक्षक एव्ही सिंह ने बताया कि पूर्व विद्युत वितरण क्षेत्र कंपनी नरसिंहपुर में विजिलेंस विभाग में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर उमाशंकर पाराशर का करीब एक वर्ष पहले कटनी स्थानान्तरण हुआ था. इस दौरान उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत प्राप्त हुई, जिसकी जांच करते हुए शनिवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने उनके नरसिंहपुर सहित चार ठिकाने ग्राम बीनेर, ग्राम निवारी व आमगांव में दबिश दी| टीम को जांच के दौरान असिस्टेंट इंजीनियर के नरसिंहपुर स्थित विपतपुरा इलाके में एक आवास, रोसरा में दो आवास, निवारी गांव में कॉमन बायो केमिकल फैक्टरी व बीनेर गांव में मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट मिला है. यह प्लांट श्री पाराशर की पत्नी के नाम पर है. ईओडब्ल्यू की टीम को घर, फैक्टरी सहित अन्य ठिकानों के दस्तावेज व संपत्ति व लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी मिले है| सर्च कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू के एसपी एव्ही सिंह, स्वर्ण सिंह धामी, श्रीमति लक्ष्मी यादव, मुकेश खंपरिया, निरीक्षक श्रीमति प्रेरणा पांडे, प्रधान आरक्षक अभिनव, नीतेश दुबे, रामअनुग्रह तिवारी, रामजन्म यादव, आरक्षक सुमित पांडे, नदीक शेख, जसलीन कौर आदि मौजूद रहे|
