ग्रामीणों ने किया हंगामा और अधिकारियों के खिलाफ की शिकायत

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में एक गधे की मौत के बाद हंगामा हो गया। इस मामले में करीब 65 ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बिजली की आपूर्ति बाधित करने और जानवर की मौत पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीणों ने हंगामा किया था। ग्रामीणों के एक वर्ग ने बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है।
यह घटना जिले के केसठ ब्लॉक में घटित हुई है। दरअसल रामपुर गांव में करंट लगने से एक गधे की मौत हो गई थी। फिर ग्रामीणों ने इसके लिये बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया और अपनी आपत्ति दर्ज करायी। इस दौरान हुए हंगामे के बाद बिजली विभाग के एसडीओ ने गांव के कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। यहां के ग्रामीण स्थानीय पावर ग्रिड स्टेशन के बाहर इकट्ठा हुए और गधे की मौत के लिए मुआवजे की मांग की। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ ग्रामीण पावर ग्रिड स्टेशन में घुस गए और इलाके में बिजली की आपूर्ति ठप्प कर दी। फिर वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। उन्होंने कहा कि बाद में राज्य बिजली विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ग्रामीणों के खिलाफ बिजली आपूर्ति बाधित करने और सरकारी कर्मचारियों के कामकाज में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने कहा कि शिकायत के आधार पर क्षेत्र में तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित करने के आरोप में कई ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कुछ ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है।
