
खरगोन। जिले के बड़वाह स्थित एक फार्महाउस में चल रही पार्टी के दौरान लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वारदात के महज 24 घंटे में ही पुलिस ने लूट में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे लूट के रुपए बरामद किए है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 20 सितंबर को ग्राम कटघड़ा स्थित रोकडिय़ा जी के फार्म हाउस पर पार्टी चल रही थी। इस दौरान अचानक तीन बदमाश धारदार चाकू लेकर घुस गए और 5 व्यक्तियों को डरा धमकाकर 21 हजार 800 रुपये नगदी लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर लूटरों को तलाश शुरु की, जिसमें उक्त लूट की घटना में केशव उर्फ डुडु के शामिल होने की सूचना मिली, जिसके आधार पर टीमों का गठन कर अलग-अलग दिशा में रवाना किया। परिणामस्वरूप बदमाश मोदरी आश्रम के पास जंगल में छिपे होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से केशव उर्फ डुडु पिता संतोष भैरवे निवासी कस्तुरबा मार्ग बड़वाह, मारी उर्फ कान्हा उर्फ रोहित पिता महेन्द्र सातले निवासी पीपल गली बड़वाह एवं पारस पिता मनोहर पटेल निवासी कस्तुरबा मार्ग बड़वाह को पकड़ा। तीनों आरोपियों ने केशव उर्फ डुडु की पल्सर मोटर सायकल पर से लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे हुए 21 हजार 800 रुपये नगदी के साथ ही एक धारदार चाकू व मोटरसाइकल जब्त की गई है। मुख्य आरोपी कुशव पर पूर्व में भी 7 अपराधिक मामले दर्ज है।
