Spread the love

छिंदवाड़ा। कोयलांचल के शिवपुरी थाना के रावनवाड़ा स्थित सिद्धढाना में रविवार देर रात एक कलयुगी पुत्र ने घरेलू विवाद में अपने ही पिता की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पुत्र ने पिता के शव को घर में ही छिपा दिया। घटना का पता पुलिस को दूसरे दिन सोमवार दोपहर चला मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि सिद्धबाबा कॉलोनी में रहने वाला मिठाईलाल पिता रायसा परतेती (५७)सांस की बीमारी से पीड़ित होने के साथ शराब पीने का आदी भी था। उसकी शराब पीने की इस लत के चलते पत्नी से उसका जब तब विवाद होते रहता था। रविवार की रात भी इसी बात को लेकर मिठाईलाल और उसकी पत्नी के बीच कहा-सुनी हो रही थी। इसी बीच उनका पुत्र रवि परतेती (२८) घर पहुंचा और दोनों को विवाद करने से मना किया, तो पिता उसके साथ भी विवाद करने लगा। इधर आवेश में आए पुत्र रवि परतेती ने अपने पिता मिठाइलाल परतेती की लाठियों से पिटाई कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र रवि परतेती के खिलाफ हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में लिया है।
रात भर घर में पड़ा रहा पिता का शव
अपने पिता लाठियों से पीटकर हत्या करने वाले पुत्र रवि ने पिता के शव को घर में छिपा कर रख दिया, लेकिन उसकी बहन ने भाई की यह करतूत पास ही में रहने वाले अपने नाना और नानी को बताई। नानी-नानी ने जब घर जाकर देखा तो मिठाईलाल का शव घर पर पड़ा था। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना रावनवाड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टीआई किशोरी पटले, उनि भगत सिंह मरावी, एएसआई बालकृष्ण तिवारी, प्रआ बेदही प्रसाद पटेल मौके पर पहुंचे और आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *