
बसों के संचालन में नियमों का नहीं हो रहा पालन
बालाघाट। जिले में यात्री बसों के संचालन में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। बसों का न तो बीमा होता है और न ही परमिट। इतना ही नहीं बसों में मेडिकल किट और अग्निशमन यंत्र की भी कमी रहती है। इसका खुलासा गुरुवार को यातायात विभाग की जांच के दौरान हुआ। यातायात थाना पुलिस ने 40 बसों की जांच की। इस दौरान तीन बसों में न तो बीमा मिला और न ही परमिट। इस लापरवाही पर बस संचालकों से जुर्माना भी वसूला गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को यातायात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बसों की जांच का अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान मौके से गुजरने वाली यात्री बसों की जांच की गई। जांच के दौरान बसों में सभी चीजों की जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने 40 बसों की जांच की। यातायात थाना प्रभारी आकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गर्रा में जांच अभियान चलाया। टीम ने बसों में बीमा, फिटनेस, परमिट, सुरक्षा उपकरण और मेडिकल किट की जांच की। उल्लेखनीय है कि जिले में 4 सौ से अधिक यात्री बसों का संचालन होता है। ये बसें अलग-अलग रुटों पर सडक़ों में दौडती है।
इस तरह वसूला जुर्माना
यातायात थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन वाहनों को बिना परमिट के पाया गया, उनसे से 10000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। जांच के दौरान एक वाहन बिना बीमा के मिला, जिस पर 5,000 रुपए का जुर्माना लगा। कुछ अन्य वाहनों में मेडिकल किट और अग्निशमन यंत्र नहीं मिले, जिन पर भी जुर्माना लगाया गया। इस तरह नियमों का पालन नहीं करने वाली यात्री बसों से जुर्माना वसूलने की कार्यवाही की गई है। साथ ही सभी संचालकों को चेतावनी दी है कि बसों के संचालन में नियमों का आवश्यक रुप से पालन करें।
इनका कहना है
यह जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। बस संचालकों से परिवहन नियमों का पालन करने और यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्हें यह भी चेतावनी दी गई है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-आकाश शर्मा, यातायात थाना प्रभारी
