
भोपाल। मंगलवारा थाना इलाके में संगम टॉकीज तिराहा पर बीते दिनो अल सुबह के समय आटो में सफर कर रही जबलपुर से आई निजी स्कूल की महिला टीचर का कीमती पर्स झपटने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया है। थाना प्रभारी मंगलवारा अजय कुमार सोनी ने जानकारी देते हुए बताया की अभिलाषा प्रताप पति संजय प्रताप (42) ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया की वह मूल रुप से गढ़ाशाही नाका, थाना संजीवनी नगर जबलपुर की रहने वाली है, और एक निजी स्कूल में टीचर हैं। अभी वह दुर्गा चौक नाईयों के मंदिर के पास तलैया में रहती है। अपनी रिश्तेदारी में शादी होने के कारण वह उसमें शामिल होने इंदौर गई थी। शादी समारोह के बाद वह परिवार के लोगो के साथ ट्रेन से 3 मई की सुबह भोपाल पहुंची थी। उनके साथ उनकी बहन सुनीता रावत और भतीजा शनि रावत और उसकी पत्नी निक्की रावत भी थी। सभी लोग सुबह 5 बजे भोपाल स्टेशन पर उतरे और वहॉ से भाई के घर चौकी तलैया जाने के लिए आटो में सवार हो गए। अभिलाषा आटो में गेट के पास बैठी थी। जैसै ही ऑटो संगम तिराहा पहुंचा तभी ऑटो के पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने तेजी से झपट्टा मारकर उनके कंधे पर लटका बैग झपट लिया और तेज स्पीड से बाइक दौड़ाकर फरार हो गया। बैग के अंदर आधा तोला सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल, एक तोला चाँदी की चार बिछिया, सहित नगदी रखी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बीते दिन टीम को मुखबिर से सुचना मिली फुटेज में नजर आ रहे हुलिये से मिलता-जुलता सदिंग्ध युवक बाइक लेकर डबल फाटक के पास खडा है। और वह मंगलसूत्र सहित एक मोबाईल बेचने की फिराक में है। खबर मिलते ही टीम ने घेरावंदी कर संदेही को पकड लिया। पूछताछ करने पर उसकी पहचान दीपू कुमार चौहान पित ब्रिजलाल चौहान (22) निवासी झुग्गी बस्ती विकास नगर थाना गोविंदपुरा के रुप में हुई। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास अभिलाषा प्रताप से छीना गया माल बरामद हुआ। पुलिसिया अंदाज में पूछताछ करने पर आरोपी दीपू ने महिला का बैग झपटने की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया। आरोपी के कब्जे से मंगलसूत्र , सोने की मोती, मोबाइ, चाँदी की चार बिछिया, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक सहित डेढ़ लाख का माल जप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातो के संबध में पूछताछ के साथ ही उसका अपराधिक रिकार्ड भी खंगाल रही है।
