
कार के एयरबैग खुले, चकनाचूर हुई कार के हुए दो टुकड़े, चेसिस टूटा
भोपाल। शहर के उपनगर बैरागढ़ के पास खजूरी सड़क थाना क्षेत्र स्थित भोपाल-इंदौर हाइवे पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। घटना में कार में सवार तीन युवको की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल है। चारो युवक सीहोर के एक ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे। घटनास्थल की शुरुआती जॉच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि हादसे के समय कार की रफ्तार काफी तेज थी, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है की पेड़ से टकराते ही कार के परखच्चे उड़ गए उसका चेसिस टूट गया और कार दो टुकड़ो में बंट गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतको में शामिल प्रीत आहूजा की बैरागढ़ थाने के सामने स्वंय की कपड़े की दुकान थी। शंकर मंदिर के पास आरा मशीन रोड बैरागढ़ में रहने वाला विशाल डाबी पिता राजू डाबी (25) प्रीत की दुकान पर काम करता था। वहीं पंकज सिसोदिया पिता चंपकलाल सिसोदिया (25) भी आरा मशीन रोड पर रहते हुए बैरागढ़ में ही मैकेनिक का काम करता था। और राहुल कंडारे पिता किशनलाल कंडारे (27) निवासी बाबा गोविंद राम दरबार के पास आरा मशीन रोड बैरागढ़ भी एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। घायल का नाम राहुल कनाडे (25) है। हमउम्र होने और एक ही इलाके में रहने के कारण चारो की आपस में खासी दोस्ती थी। प्रीत आहुजा के भाई कमलेश आहूजा के पास हुन्डई वेन्यू कार है। विशाल और प्रीत 12वीं क्लास तक पढ़े थे। पंकज ने 8वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। तीनों स्कूल फ्रेंड थे। बीती रात प्रीत अपने भाई कमलेश आहूजा की कार लेकर तीनो दोस्तो विशालु, पंकज और राहुल कनाडे को लेकर सीहोर गया था। सीहोर से खाना खाकर सभी लौट रहे थे। प्रीत आहुजा कार चला रहा था, विशाल उसके बगल वाली जबकि राहुल और कमलेश पीछे की सीट पर बैठे थे। रास्तें में चिरायु अस्पताल के पास करीब आधी रात को एचपी पेट्रोल पंप, फॉर्च्यून होटल की टर्निंग पाइंट पर उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे पेड़ में जा घुसी। पेड़ से टकराने से पहले कार ने सड़क किनारे गुमटी को भी टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद कार दो टुकड़ों में बंट गई, उसका चेसिस भी टूट गया। चकनाचूर हुई कार के डैशबोर्ड के नीचे विशाल और प्रीत फंस गए थे। उनके साथ ही पंकज की भी मौके पर मौत हो चुकी थी। बाद में गेट और डैशबोर्ड काटकर उनके शवो को निकाला जा सका। परिवार वालो ने बताया चारों सीहोर के एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। लौटते समय इंदौर-भोपाल हाईवे पर कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में घायल राहुल कंडारे को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसा देख पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी थी। मौके पर मौजूद लोगो का आरोप है, कि पुलिस और एम्बुलेंस सूचना देने काफी देर बाद मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस का कहना है की घटना स्थल थाने से करीब 20 किलोमीटर दूर है, और वहां पहुंचने में लगभग 40 मिनट लगते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रवाना हो गई थी, और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। शुरुआती जॉच के आधार पर पुलिस का अनुमान है, एक्सीडेंट के समय कार की रफ्तार 120 किमी से अधिक रही होगी। क्योंकि 100 से 120 किमी प्रति घंटे की स्पीड पर दुर्घटना होने पर एयरबैग फटते नहीं है। लेकिन इस एक्सीडेंट में कार के एयरबैग तक फट गए हैं। पुलिस का अनुमान है की एक्सीडेंट का मुख्य कारण तेज रफ्तार है। पेड़ से टकराने से पहले कार गुमटी से भी टकराई है, उसमें दो लोग मौजूद थे, पुलिस उनके बयान भी दर्ज करेगीं। मृतको में पंकज परिवार का एकलौता सहारा था। बीमारी के चलते उसकी मां की मौत हो चुकी है, बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। वहीं उसके पिता नेत्रहीन हैं, पिता की देखभाल का जिम्मा पंकज पर ही था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शवो को पीएम के लिये भेजते हुए आगे की जॉच शुरु कर दी है।
