Spread the love

गुना। जिले के मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासनिक अमले और पुलिस टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब प्रशासन भोपाल रोड स्थित बस स्टैंड की जमीन से करीब 30 साल पुराने अतिक्रमण को हटाने पहुंचा था। हालात तब बिगड़ गए जब हमलावरों ने जामनेर थाना प्रभारी सुरेश सिंह कुशवाहा पर त्रिशूल से हमला कर दिया, जिससे उनकी हथेली गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
सूचना के अनुसार, यह कार्रवाई शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे शुरू हुई थी। प्रशासन की ओर से इस अभियान का नेतृत्व एसडीएम राघौगढ़ विकास आनंद कर रहे थे। उनके साथ तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व अमला और पांच थानों की पुलिस बल मौजूद थी। जैसे ही टीम ने अतिक्रमण हटाना शुरू किया, वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया और स्थिति हिंसक हो गई।
अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के दौरान लेखराज कुशवाहा और उसके परिजनों ने टीम पर हमला बोल दिया। आरोप है कि लेखराज के बेटे ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंके, वहीं लेखराज ने खुद त्रिशूल से थाना प्रभारी पर हमला कर दिया। हमले में सुरेश सिंह कुशवाहा का हाथ बुरी तरह घायल हो गया। आनन-फानन में उन्हें मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना स्थल पर धार्मिक ढांचे और कुछ पक्के मकानों के माध्यम से लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था। प्रशासन पहले ही नोटिस जारी कर चुका था, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। अतिक्रमणकारियों के विरोध और हमले के बावजूद प्रशासन ने सख्ती से अभियान जारी रखा और अवैध निर्माणों को हटाया गया।
इस हमले के बाद पुलिस ने लेखराज कुशवाहा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जिले में इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान बिना किसी दबाव के जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *