Spread the love

अहमदाबाद| ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात दौरे पर हैं| दो दिवसीय गुजरात दौरे पर आए पीएम मोदी ने आतंकवादियों को फिर एक बार सख्त लहजे में चेतावनी दी है| उन्होंने कहा कि अगर बहनों का सिंदूर मिटाने का प्रयास किया तो उसका मिटना तय है| पीएम मोदी ने गुजरात दौरे की शुरुआत वडोदरा में रोड शो की और उसके बाद वे दाहोद पहुंचे| दाहोद में पीएम मोदी ने 24,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया| प्रधानमंत्री ने दाहोद में भारतीय रेलवे के लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। यह संयंत्र घरेलू प्रयोजनों और निर्यात के लिए 9000 एचपी विद्युत इंजनों का उत्पादन करेगा। उन्होंने संयंत्र से निर्मित प्रथम विद्युत इंजन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये इंजन भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने में मदद करेंगे। ये लोकोमोटिव पुनर्योजी ब्रेकिंग प्रणालियों से सुसज्जित होंगे तथा इन्हें ऊर्जा खपत को कम करने के लिए डिजाइन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय स्थिरता में योगदान मिलेगा। पीएम मोदी ने दाहोद में जिन 24,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, उनमें रेल परियोजनाएं और गुजरात सरकार की विभिन्न परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने वेरावल और अहमदाबाद के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस तथा वलसाड और दाहोद स्टेशनों के बीच एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद पीएम मोदी ने दाहोद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 26 मई का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि 2014 में इसी दिन उन्होंने पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने गुजरात के लोगों के अटूट समर्थन और आशीर्वाद को स्वीकार किया, जिन्होंने उन्हें राष्ट्र का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी। प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि इस विश्वास और प्रोत्साहन ने दिन-रात देश की सेवा के लिए उनके समर्पण को बढ़ावा दिया है। बीते वर्षों में भारत ने ऐसे अभूतपूर्व और अकल्पनीय निर्णय लिए हैं, जो दशकों पुरानी बंदिशों से मुक्त हुए हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा, आज राष्ट्र निराशा और अंधकार के युग से निकलकर आत्मविश्वास और आशावाद के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि, 140 करोड़ भारतीय एक विकसित भारत के निर्माण के लिए एक साथ आए हैं, श्री मोदी ने भारत में आवश्यक वस्तुओं के विनिर्माण के महत्व पर बल दिया और कहा कि आत्मनिर्भरता समय की मांग है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक विनिर्माण क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सोचिए, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने जो किया, क्या उस पर भारत चुप रह सकता है? क्या मोदी चुप रह सकते हैं? अगर कोई हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने की कोशिश करेगा तो यह निश्चित है कि उसका भी मिट जाना तय है। यही कारण है कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं है। यह हमारे भारतीयों के मूल्यों और भावनाओं की अभिव्यक्ति है। आतंकवादियों ने 140 करोड़ भारतीयों को चुनौती दी तो मोदी ने वो किया जो देशवासियों ने मुझे प्रधान सेवक के रूप में जिम्मेदारी दी। हमारे बहादुर सैनिकों ने जो पराक्रम दिखाया, वह दुनिया ने दशकों में नहीं देखा था। भारतीय सैनिकों ने सीमा पार 9 आतंकवादी शिविरों का पता लगाया और 6 तारीख की रात को मात्र 22 मिनट में उन्हें ध्वस्त कर दिया। आतंक के आकाओं ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि मोदी से मुकाबला करना कितना मुश्किल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *