Spread the love

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने अनोखा प्रदर्शन कर रादुविवि में हड़कम्प का माहौल बना दिया| विश्वविद्यालय परिसर में एक कार्यकर्ता कुंभकरण के वेश में जाकर कुलपति कक्ष के सामने सो गया| कुलपति को जगाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में बैंड बजाए गए| एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष सचिन रजक ने बताया कि कुलपति प्रोफेसर राजेश वर्मा के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया गया| दरअसल एक महिला अधिकारी से अभद्रता व अश्लील इशारे करने के मामले में एनएसयूआई द्वारा लंबे समय से कुलपति के खिलाफ प्रदर्शन कर इस्तीफे की मांग कर रही है| एनएसयूआई का कहना है कि कई गंभीर आरोप लगने के बाद भी राज्य सरकार द्वारा कुलपति के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है|
इस दौरान एक कार्यकर्ता ने कुंभकरण का भेष धारण किया. जिसे कुलपति कार्यालय के समीप लिटाकर उसके कानों में बैंड बजाया गया. सचिन रजक ने कहा कि हम कई दिनों से कुलपति का इस्तीफा मांग रहे हैं लेकिन वह कुंभकरण की नींद में सोए हुए हैं. इसलिए आज हम कुंभकरण को साथ लाए और बैंड बजाकर उनके कान खोलने की कोशिश की है. प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कुलपति के लिए एक ट्रॉफी भी भेंट स्वरूप लाई. जिस पर लिखा था कि अंधे, बहरे, गूंगे, अयोग्य कुलपति के सम्मान में प्रस्तुत इस ट्रॉफी के माध्यम से एनएसयूआई ने कुलपति की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष किया. इस विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ गौतम, अमित मिश्रा, अनुज यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र व कार्यकर्ता मौजूद रहे. एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि जब तक कुलपति का इस्तीफा नहीं होता तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *