
कटनी । हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का पक्का, सुंदर और स्वच्छ आवास हो जिसमें वह अपने परिवार के साथ खुशियों से रह सके। मुन्नी बाई का यही सपना प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सोमवार को उस वक्त पूरा हुआ जब नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें उनके आवास की चाबी प्रदान की गई।
यह कहानी है कटनी के रोशन नगर निवासी मुन्नी बाई पति कोमल प्रसाद की।
मुन्नी बाई की आर्थिक स्थिति मजबूत न होनें के कारण उन्हें परिवार के लोगों के साथ कच्चे मकान में रहकर अपना भरण पोषण करना पड़ता था। ऐसी स्थिति में परिवार के लिए स्वयं का अपना पक्का घर होना किसी बड़े सपने से कम नहीं था। मुन्नी बाई का यही सपना प्रधानमंत्री आवास योजना की मदद से पूरा हुआ। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत मुन्नी बाई को उनका स्वयं का आवास आवंटित होने से उनके जीवन स्तर में इजाफा होगा तथा आगामी वर्षा ऋतु के दौरान व बिना किसी चिंता व भय के अपने परिवार के साथ गुजर-बसर कर सकेंगी। मुन्नी बाई को शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के तहत पक्के आवास की सुविधा प्राप्त होने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सहित नगर निगम प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
