
डिंडोरी । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में हल करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए । जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री सुनील शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत श्री अनिल कुमार राठौर सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे । जनसुनवाई में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, अनुकंपा नियुक्ति, तालाब निर्माण, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, कच्ची सड़कों की मरम्मत, अवैध कब्जा और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं सामने आईं। ग्राम पंचायत बरगई माल निवासी श्रीमती कोता बाई यादव ने आर्थिक सहायता की मांग का आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम खाम्हा माल के ग्रामवासियों ने सोसायटी भवन निर्माण की मांग की, जिस पर सीईओ जनपद पंचायत समनापुर को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए । ग्राम भाखा माल के महामाया स्व-सहायता समूह ने शिकायत की कि सदस्य शशि गोयल ने फर्जी तरीके से प्रस्ताव तैयार कर दुकान विक्रेता बन गया है। समूह ने श्यामकली वालरे को पुनः विक्रेता नियुक्त करने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम पंचायत पोंडी माल के पोषक ग्राम नएगांव के ग्रामीणों ने खसरा नंबर 194/196 पर तालाब निर्माण की मांग की, जिस पर आरईएस विभाग को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए ।

ग्राम पंचायत जुनवानी के अंतर्गत आने वाले खुर्री टोला के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर एक आवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने बताया कि विगत कई दिनों से क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इस पर कलेक्टर श्रीमती मारव्या ने तत्परता दिखाते हुए जनपद पंचायत डिंडोरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार ग्राम पंचायत साम्हर के बैगान टोला से भी ग्रामीणों ने पेयजल संकट की शिकायत प्रस्तुत की। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में नल-जल योजना पूर्ण न होने से परेशानी हो रही है, जिससे लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी हो रही है। कलेक्टर द्वारा इस मामले में भी तत्काल कार्यवाही करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त एक अन्य महत्वपूर्ण प्रकरण में श्री शैलेन्द्र उइके द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके पिता, स्वर्गीय श्री इमरत लाल उइके, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेहंदवानी में खेल शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। दुर्भाग्यवश, कोविड-19 महामारी के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। आवेदक ने अनुकम्पा नियुक्ति की मांग की है, जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। जनसुनवाई में अन्य विभागीय मामलों का भी समाधान किया गया। कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
