Spread the love

गुना |पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। ग्वालियर, शिवपुरी और दतिया जिलों के छह बदमाशों के एक गिरोह को कैंट थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाते समय दबोच लिया। बदमाश गुना के गुलाबगंज क्षेत्र में डकैती डालने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वारदात होने से पहले ही उनकी योजना पर पानी फिर गया।
मामला 26-27 मई की मध्यरात्रि का है, जब कैंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एबी रोड स्थित मणिधारी गार्डन के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार में कुछ संदिग्ध लोग बैठे हैं जो किसी बड़ी आपराधिक घटना की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कार में बैठे चार लोग कार लेकर भाग निकले, जबकि बाहर खड़े दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम रिंकू रावत (निवासी ग्वालियर) और महेंद्र परिहार (निवासी शिवपुरी) बताए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे छह लोग मिलकर गुलाबगंज क्षेत्र में डकैती डालने के इरादे से आए थे और पहले ही रैकी कर चुके थे।
भागी हुई कार का पीछा कर रही पुलिस टीम ने कोलारस टोल नाके पर नाकाबंदी कर शेष चार बदमाशों को भी पकड़ लिया। पकड़े गए अन्य बदमाशों में कुलदीप रावत (दतिया), रितिक गोस्वामी (ग्वालियर), सुदामा रावत (दतिया) और कृष्णकांत रावत (ग्वालियर) शामिल हैं। कार की तलाशी लेने पर उसमें से डकैती में उपयोग होने वाले औजार जैसे सब्बल, पेंचकस, गैस कटर, प्लास और चाबीपाना बरामद हुए।
पुलिस ने इन सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 563/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, मेहमूद नबी खान सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। गुना पुलिस की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *