
पीएम अवास योजना और लाड़ली बहना में फर्जीवाड़ा, ईओडब्ल्यू में मामला दर्ज
जबलपुर। जबलपुर जिले के पाटन तहसील के ग्राम पंचायत बढैयाखेड़ा में अमृत सरोवर तालाब निर्माण में बड़ा घोटाला सामने आया है। इस मामलें में चौंकाने वाली बात यह है कि सरपंच, उपसरपंच, सचिव ने मृत व्यक्ति को जिंदा बताकर मनरेगा योजना में उसे काम दिया और उसका मस्टररोल बनाया, इतना ही नहीं फर्जी हस्ताक्षर कर मजदूरी के हजारों रुपए भुगतान भी सरकार से ले लिया। इसी तरह एक अन्य मामलें में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक महिला को अनुचित लाभ पहुंचाया गया। इसी तरह तीसरे मामले में एक अपात्र महिला को अनुचित तरीके से लाभ पहुंचाया गया| इन तीनों मामलों में राज्य आर्थिक अपराध अनवेषण ब्यूरो (इओडब्ल्यू) ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है|
ईओडब्लयू द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि ईओडब्ल्यू की जांच में यह बात सामने आई है कि श्रीमति देवश्री यादव द्वारा षडयंत्रपूर्वक अपने पद का दुरुपयोग कर मृत व्यक्ति कन्नूलाल बर्मन की नाम दर्ज कर मनरेगा में उपस्थिति दर्ज कराई गई और कूटरचित मस्टर रोल दर्ज किया गया| इसी तरह उपसरपंच राजेंद्र यादव द्वारा सुषमा यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना का अवैध लाभ पहुंचाया गया व वंदना यादव पति राजेंद्र यादव को लाड़ली बहना का अवैध रुप से लाभ पहुंचाया गया| ईओडब्ल्यू ने सरपंच पुन्नू कोल निवासी ग्राम समर पिपिरया ग्राम पंचायत बढ़ैयाखेड़ा, उपसरपंच राजेन्द्र यादव निवासी ग्राम खरैनी घाट, श्रीमति देवश्री यादव सचिव ग्राम पंचायत बढ़ैयाखेड़ा एवं श्रीमति सुषमा यादव निवासी ग्राम खिरैनीघाट के विरुद्ध धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी एवं धारा 13(1), ए 13 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया गया है|
