Spread the love

23 लाख रुपए से अधिक मूल्य के हैं मोबाइल
बालाघाट ।.जिले की पुलिस ने तकनीक का उत्कृष्ट उपयोग करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले की साइबर सेल ने सीईआइआर पोर्टल की मदद से 155 गुमशुदा मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक खोज निकाला है। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की इस पहल से न केवल लोगों को उनका कीमती सामान वापस मिला, बल्कि उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़ी अहम जानकारियां भी सुरक्षित हाथों में लौटीं। गुम हुए मोबाइलों की वापसी से आवेदकों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। पुलिस की इस सफलता के पीछे एसपी नगेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिला साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और विभिन्न थानों की निरंतर मेहनत का अहम योगदान रहा।
स्थानीय कंट्रोल रुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए एसपी नगेंद्र सिंह ने कहा कि सीईआइआर पोर्टल की आधुनिक तकनीक गुम मोबाइल खोजने का एक प्रभावी माध्यम है। बालाघाट पुलिस इस तकनीक और सेवा के समन्वय से आमजन को राहत पहुंचाने का निरंतर प्रयास कर रही है। यह सफलता हमारी टीम की सतर्कता और जनता के सहयोग का नतीजा है। हम न केवल मोबाइल लौटा रहे हैं, बल्कि लोगों की उम्मीदें और भरोसा भी वापस ला रहे हैं।
एसपी ने बताया कि यदि किसी नागरिक का मोबाइल फोन खो गया है या चोरी हो गया है, तो वह नजदीकी थाने में जाकर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराएं। या सीईआइआर पोर्टल में मांगी जानकारी के अनुसार अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसका डेटा सेंट्रल डेस्क पर होता है। जिसके चलते गुम हुए मोबाइल को आसानी से खोजा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *