
अस्पताल प्रशासन में मचा हड़कंप, डीएम ने दिया जांच के आदेश
वेल्लोर। तमिलनाडु के वेल्लोर जिले के एक सरकारी अस्पताल में लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक नर्स की गलती से एक नवजात शिशु की उंगली कट गई। यह घटना 24 मई की बताई जा रही है, जब वेल्लोर के अस्पताल में मल्लिपालयम के रहने वाले विमलराज ने अपनी गर्भवती पत्नी निवेथा को भर्ती कराया था। कुछ ही घंटों बाद निवेथा ने एक बेटे को जन्म दिया।
मीडिया रिपोर्ट में डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के शरीर में शुगर की मात्रा कम थी, इसलिए उसे ग्लूकोज चढ़ाया गया था। इस दौरान जब एक नर्स ग्लूकोज के सुई की जगह बदल रही थी, तब उसने टेप काटने के लिए कैंची का इस्तेमाल किया और नवजात की उंगली काट गई। आरोप है कि इस दौरान नर्स मोबाइल पर बात कर रही थी और उसने लापरवाही पूर्वक काम किया। विमलराज ने बताया कि हादसे के बाद उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक बच्चे से मिलने नहीं दिया गया। यह सीधी-सीधी लापरवाही और अनदेखी है, जिसकी भारी कीमत उनके बच्चे को चुकानी पड़ी।
घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बच्चे को तुरंत बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के स्टैनली अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वेल्लोर की डीएम ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह साबित हो गया कि नर्स फोन पर बात कर रही थी, तो उसे सख्त सजा दी जाएगी। वैसे भी उस प्रक्रिया में कैंची की जरूरत ही नहीं थी, इसे हाथ से किया जा सकता था।
