कलेक्टर ने कॉरीडोर बनाकर घायलों को भेजा जबलपुर



दमोह। एक ट्रक ड्राइवर ने नशे की हालत में ट्रक के आगे चल रहे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। 2 लोग गभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जबलपुर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि ऑटो में 10 लोग सवार थे। हादसा देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव के आगे बांदकपुर रोड पर हुआ। दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर, एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक में फंसे ऑटो से शव और घायलों को निकालने के लिए जेसीबी मंगानी पड़ी। 8 मृतकों में 5 एक ही परिवार के हैं। ऑटो ड्राइवर की भी मौत हो गई।एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। ट्रक ड्राइवर नशे की हालत में है। मेडिकल कराया गया है। हादसा नशे के कारण ही हुआ है। छतरपुर के बक्सवाहा का रहने वाला ड्राइवर नीरज सिंह लोधी (22) नशे की हालत में दमोह से ट्रक लेकर बांदकपुर की ओर जा रहा था।ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। नशे की हालत में होने की वजह से उसके बयान नहीं हो पाए हैं। ड्राइवर का लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रक मालिक की भूमिका की जांच भी करेंगे। लापरवाही मिलती है तो मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हादसे में मरने वाले 5 लोग राकेश गुप्ता के परिवार के हैं। इसमें राकेश की भी मौत हुई है। सभी लोग दमोह शहर के शोभा नगर के रहने वाले हैं और बांदकपुर दर्शन करने जा रहे थे।



इनकी मौत हुई…
- साक्षी पिता राजेश गुप्ता
- हीरालाल गुप्ता
- राकेश गुप्ता पिता राम चरण गुप्ता
- गायत्री गुप्ता
- आलोक गुप्ता
- शिवा गुप्ता
- महेंद्र गुप्ता
- गीता गुप्ता
कलेक्टर श्रीकोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी ने रखी नजर
कॉरीडोर बनाकर घायलों को भेजा जबलपुर
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर और पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर पहुंचे और दुर्घटना में फंसे लोगों का बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया और तुरंत इलाज मुहैया कराया गया। जानकारी सामने आई है दमोह के शोभा नगर से गुप्ता परिवार के ही एक ऑटो चालक है साथ में जाने वाले लोग भी गुप्ता परिवार के हैं, ये सभी बांदकपुर दर्शन के बाद लौट रहे थे, रास्ते में बड़े ट्रक के साथ उनकी भिडंत हुई है। कलेक्टर श्री कोचर ने जिला अस्पताल में पूरी व्यवस्थाओं पर नजर रखी और घायलों को जबलपुर रिफर करने तक स्वयं उपस्थित रहे और डाक्टर्स को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने कहा यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरा ऑटो रिक्शा ट्रक के सामने वाले बोनट के नीचे फंस गया, वहां के राहगीर और बाकी के लोगों की मदद से, कटर और क्रेन के माध्यम से लोगों को निकालने का प्रयास सभी ने किया। ऑटो में 10 लोग सवार थे, जिसमें से 07 लोगों का दुखद निधन हुआ है,03 लोग घायल हुए है, 02 लोग गंभीर रूप से घायल है और एक स्टेबल है, तीनों को पुलिस प्रशासन के पायलट वालों के साथ ग्रीन कॉरिडोर बनाते हुए जबलपुर के लिए रवाना किया गया है, इसमें पुलिस, राजस्व और मेडिकल के अधिकारियों को साथ में भेजा गया है ताकि रास्ते में किसी प्रकार की दिक्कत ना हो, आगे जबलपुर से भी कोऑर्डिनेटर कर रहे हैं कि इनका इलाज जितना जल्दी हो सके हो जाए। उन्होंने कहा ट्रक ड्राइवर अभी ठीक है उसका मेडिकल टेस्ट होना है।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा समन्ना में यह एक्सीडेंट हुआ है, एक ऑटो ट्रक के नीचे आ गया था जिसमें 10 लोग सवार थे जिसमें से 7 लोगों की मृत्यु हो गई है 3 लोग घायल हुए हैं, जिनको जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अभी जो इन्वेस्टिगेशन हुई है उसमें ट्रक के टायर के मार्क्स बने हुए हैं उनको चेक कर रहे हैं, पूरा घटनाक्रम क्या है, वह तभी क्लियर हो पाएगा। समाचार लिखे जाने तक एक और मौत हो गई है। इस प्रकार 08 लोग मृत हो चुके है।
मृतकों के परिजन को 2-2 लाख का मुआवजा
सीएम मोहन यादव ने दमोह में हुए हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- हादसे में लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
