Spread the love

ट्रांसफर के लिए मांगे थे 30 हजार, विधायक ने की थी शिकायत
अशोकनगर। कांग्रेस विधायक हरीबाबू राय के निजी सहायक (पीए) मनोज नामदेव को एक सीएचओ का ट्रांसफर कराने के एवज में 30 हजार रुपए लेने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर आदित्य सिंह ने यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की।
विधायक के पीए मनोज नामदेव ने गुना निवासी अंकित जाटव से उनकी सीएचओ बहन का तबादला अशोकनगर से गुना कराने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की थी। पीए ने 30 हजार रुपए ले भी लिए। जब विधायक हरीबाबू राय को इस बात की जानकारी लगी तो उन्होंने तुरंत पीए से पैसे वापस कराए। निलंबन आदेश में यह भी उल्लेख है कि मनोज नामदेव ने बहुजन समाज पार्टी के नेता बाबूलाल दैलवार के भांजे से ट्रांसफर लेटर लिखवाने के लिए भी पैसे मांगे थे। यह रकम विवेक टॉकीज के पास ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनजातीय कार्य विभाग के सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी मनोज नामदेव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब मिलने के बाद उसे असंतोषजनक पाया गया, जिसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
मुख्यालय अशोकनगर रहेगा: निलंबन अवधि में मनोज नामदेव का मुख्यालय जिला पंचायत अशोकनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का कार्यालय रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *