Spread the love

गेहूं के भुगतान के लिए दर दर भटक रहे किसान
जबलपुर। मझौली के किसान गेहूं खरीदी के बाद भुगतान नहीं होने से परेशान हैं| दर दर भटक रहे हैं| किसी की बेटी की शादी है तो किसी को अपनी उधारी चुकाना है| दरअसल इन किसानों ने सहकारी विपणन संस्था मर्या. केंद्र मझोली, , केंद्र 02, के अंतर्गत अन्नपूर्णा आदित्य ग्रेडिंग एवं वेयरहाउसिंग में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचा था| समिति द्वारा गड़बड़ी के कारण किसानों का भुगतान रोक दिया है| शहर से 60 किलोमीटर दूर मझौली से आए किसानों ने अपने भुगतान के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना से बात की और समर्थन मूल्य पर बेचे गए गेहूं के भुगतान की मांग की| कलेक्टर ने जल्दी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है| कलेक्टर को अवगत कराया गया कि किसी किसान के परिवार में बेटी की शादी है तो किसी को अपनी उधारी चुकानी है तो किसी को आने वाली फसल की तैयारी करनी है परन्तु भुगतान न होने से किसानों के सामने उनके परिवार के भरण पोषण का संकट छा गया है।
ज्ञात हो कि उक्त खरीदी केंद्र में भ्रष्टाचार कर गलत भुगतान कराने का प्रयास किया गया था, इसके चलते बहुत से किसानों का उपार्जित गेहूं खुले में वेयरहाउस के बाहर पड़ा है। यहां सवाल उठ रहा कि करे कोई, भरे कोई, गड़बड़ी समिति ने की और उसका खामियाजा निर्दोष किसानों को भुगतना पड़ रहा है|
किसान सेवा सेना के नेतृत्व में किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी पीड़ा व्यक्त की और कलेक्टर व खाद्य नियंत्रक को अपनी समस्या बताई| किसानों ने कहा कि 3 दिवस के अंदर भुगतान करवा दो या फिर फसल ही लौटा दो| कलेक्टर ने जल्द से जल्द समस्या का निराकरण कराने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर किसान सेवा सेना के चेयरमैन जितेन्द्र देसी, राजेश कुर्मी, बराती पटेल, अशोक कुमार गर्ग, अजय पटेल, गुड्डी बाई पटेल, पवन पटेल, विनोद पटेल, रावेन्द्र चक्रवर्ती, पूरन चक्रवर्ती, रजनीकांत पटेल, धरमचंद्र पटेल, राजेंद्र पटेल, सिवा पटेल, अनमोल पटेल आदि सभी किसान उपस्थित हुए|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *