Spread the love

पुलिस ने विदेशियों को बयान ले छोड़ा स्थानीय को किया गिरफ्तार
इन्दौर। 8-10 विदेशियों द्वारा एक स्थानीय क्रिश्चियन युवक की मदद से रूपए और सुविधाओं का लालच देकर धर्मांतरण करवाने के मामले में पुलिस ने स्थानीय क्रिश्चियन युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में बताया जा रहा है कि जब रूपये और सुविधाओं के लालच के बाद भी एक युवक द्वारा धर्म परिवर्तन नहीं करने का कहा तो इन लोगो ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। मामला इन्दौर के मल्हार मेगा माल में उस वक्त पकड़ाया जब सूचना पर हिन्दू संगठन के नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उन्होंने उन धर्मांतरण करवाने वाले विदेशियों को पकड़ पुलिस के हवाले किया। प्राप्त जानकारी अनुसार मल्हार मेगा मॉल में सिनेमा हॉल वाली मंजिल पर फूड कोर्ट के पास कुछ विदेशियों ने हिन्दुओं के बीच ईसाई धर्म के संबंध में प्रचार प्रचार करना शुरू कर दिया था जिसकी सूचना पर हिंदू जागरण मंच के मान सिंह राजावत, लकी बाहुबली, कुलदीप सिंह सहित अन्य लोग मॉल में पहुंचे थे। वहां 8-10 विदेशी नागरिकों के बीच उन्हें इंदौर के ही राऊ क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति दिखाई दिया। इन लोगों के साथ श्याम वर्मा नामक एक व्यक्ति भी मौजूद था। मामले में जब मानसिंह राजावत ने श्याम वर्मा से पूछताछ की तो पता चला की विदेशी नागरिक ईसाई धर्म का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। इस मामले में राजेश पटेल ने हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को बताया कि वह अपने साथी श्याम वर्मा के साथ मॉल आएं थे। फूड कोर्ट के पास उनकी मुलाकात ट्रेजर फेंटेसी निवासी स्टीफन बीजूपाल से हुई। बातचीत के दौरान स्टीफन ने उनका नाम, पता, पारिवारिक जानकारी और मोबाइल नंबर लिया था। राजेश के मुताबिक उन विदेशी नागरिकों ने हिंदू देवी देवताओं का मजाक बनाया था और उनके संबंध में अपमानजनक टिप्पणी भी की थी।इतना ही नहीं स्टीफन ने अपने ईसाई धर्म का प्रचार प्रचार भी किया था। राजेश ने आरोप लगाते बताया कि स्टीफन लगातार हिंदू धर्म की आलोचना कर रहा था और ईसाई धर्म को अपनाने का दबाव डाल रहा था। जब राजेश और उसके साथी ने उनकी बात नहीं मानी तो उन्होंने उन्हें पैसे का लालच देना शुरू कर दिया और कहा कि यदि वह ईसाई धर्म अपना लेते हैं तो उनके बच्चों की शिक्षा और परिवार का इलाज का खर्च एक संस्था द्वारा उठाया जाएगा। धर्म परिवर्तन करने पर उन्हें 10000 रूपए भी दिए जाएंगे। राजेश ने जब स्टीफन के प्रस्ताव को ठुकराया तो 20000 रूपए की पेशकश की और सुविधा देने का प्रस्ताव दिया। इसके साथ ही स्टीफन ने एक बोतल से जबरन उन्हें पवित्र जल पीने का दबाव बनाया। उनके द्वारा मना करने पर स्टीफन ने उन्हें झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भी मामले की छानबीन शुरू करते उस होटल में तलाश की, जहां विदेशी नागरिक ठहरे हुए थे। होटल के कमरे से पुलिस को बाइबल के साथ ही अन्य प्रचार सामग्री भी मिली। इसके बाद विजयनगर पुलिस ने सभी आरोपियों को थाने बुला विदेशियों के बयान लेने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया और राऊ निवासी स्टीफन को इस मामले में आरोपी बनाया है। मामले में विजयनगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार शिकायत पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उस पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सूचना मिली थी कि धर्मांतरण करने के लिए एक व्यक्ति को 10000 हजार रुपए का लालच दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *